वजीरगंज : नगर पंचायत वजीरगंज से भाजपा प्रत्याशी संगीता वार्ष्णेय के समर्थन मे रामलीला मैदान में जनसभा का आयोजन किया गया । जनसभा को केंद्रीय राज्य मंत्री बी एल वर्मा, सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने संबोधित किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा माफियाओं के खिलाफ योगी सरकार कड़ा रुख अपना रही है। माफिया चाहे जो भी हों मिट्टी में मिला दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के कर्मठ पदाधिकारी या कार्यकर्ता व्यक्ति विशेष की खातिर वर्षों की तपस्या पर पानी न फेरें। सभी कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से संगीता वार्ष्णेय का चुनाव लड़ाकर नगर में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएं। बी एल वर्मा ने नगर की जनता को इशारों ही इशारों में डिग्री कालेज की मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। केन्द्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि आप लोग संगीता वार्ष्णेय को चेयरमैन बनाएं। उन्होंने जनता को यकीन दिलाते हुए कहा कि इनके चेयरमैन बनने के बाद जो भी मांग होगी उसे तत्काल पूरा किया जाएगा। पूर्व राज्यमंत्री व सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि संगीता वार्ष्णेय को भारी मतों से विजयी बनाकर जनता भाजपा को मजबूती प्रदान करने में सहायता करेगी। भाजपा नेता दीपेश वार्ष्णेय ने सभी का आभार व्यक्त किया।