अलीगढ़ । नगर निगम के अधिकतर कर्मचारी डायबिटीज से पीड़ित हैं। गुरुवार को सेवाभवन में लगे स्वास्थ्य शिविर में जांच हुई तो इसका पता चला। कुछ कर्मचारियों को पता ही नहीं था कि वे डायबिटीज के शिकार हैं। डाक्टरों ने इन्हें नियमित व्यायाम और खानपान संबंधी सलाह दी है।
मिशन शक्ति व फिट इंडिया मूवमेंट
मिशन शक्ति व फिट इंडिया मूवमेंट के तहत रोटरी क्लब के सहयोग से नगर निगम ने सेवाभवन में दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर लगवाया है। इसमें कर्मचारी व अधिकारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। सुबह 10 से एक बजे तक शिविर लगेगा। शिविर का उद्घाटन नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह, आइआइएमए के अध्यक्ष डा. विपिन गुप्ता, डा. विपन गोयल व डा. नीति गाेयल ने फीता काटकर किया। शिविर में नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. शिवकुमार, मुख्य अभियंता कुलभूषण वार्ष्णेय, कर अधीक्षक राजेश कुमार, स्टेनो देश दीपक, तरुण पाठक, संजय सक्सेना आदि कर्मचारियों ने अपना चेकअप कराया। डा. विपिन गुप्ता ने कोविड-19 के दौरान टेलीमेडिसिन में दिए गए सहयोग की भांति सफाई कर्मचारियों, अधिकारियों और सामान्य कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सदैव सहयोग देने का आश्वासन नगर आयुक्त को दिया। नगर आयुक्त ने कहा स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 की जन जागरूकता के लिए सफाई मित्रों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग और सचेत रहने की बेहद आवश्यकता है। उन्होंने कहा स्वच्छता के सिपाहियों के बल पर ही कोविड-19 से जीत संभव हो चुकी है। नगर निगम के कर्मचारियों की डायबिटीज बढ़ी हुई आई, इसे देखते हुए अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने कर्मचारियों को सुबह टहलने के साथ-साथ योग को अपनी आदत बनाने की नसीहत दी। नगर आयुक्त ने रोटरी क्लब की इस मुहिम की सराहना करते हुए शिविर में निश्शुल्क सेवाएं दे रहे आईएमए अध्यक्ष सहित सभी का आभार व्यक्त किया।
