अलीगढ़, (ब.शि.) : केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए तीनों कृषि कानून, पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम के विरोध में मंगलवार को किसानों ने भाकियू के साथ ब्लॉक परिसर में बैठक की। किसानों ने तीनों कृषि कानून का विरोध करते हुए वापस लिए जाने की मांग की।
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि खुद को किसान हितैषी बताने का ढोंग करने वाली सरकार किसानों के लिए काले कानून लागू कर छल कर रही है। किसान केंद्र द्वारा लागू किए तीनों कृषि कानून के विरोध में है। दिल्ली बॉर्डर पर काफी समय से कृषि काननू के विरोध में आंदोलन चल रहा हैं, लेकिन केंद्र सरकार अपनी हटधर्मिता के चलते कानून को बापस नहीं लेना चाहती। उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए तीनों कृषि कानून को लागू किया है। देश में एक बार पुनः अंग्रेजों की सी हुकूमत चल रही है। मंहगाई बढ़ती जा रही है। एक ओर सरकार किसान को सम्मान निधि दे रही है वहीं दूसरी और वस्तुओं को महंगा किया जा रहा है। केंद्र सरकार इन कानूनों को जब तक वापस नहीं ले लेती विरोध जारी रहेगा। अध्यक्षता डा. नृपतिदेव भारद्वाज ने की। इस मौके पर भाकियू के हरपाल सिंह, विजयभान सिंह, राजकुमार वशिष्ठ, गिर्राज सिंह, देवेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, मेघश्याम शर्मा, प्रभात शर्मा, अशोक शर्मा, महावीर प्रसाद, लोकेंद्र सिंह, सुल्तान सिंह आदि थे।