अलीगढ़, (ब.शि.) । कोरोना के मामलों में अलीगढ़ जिला तेजी से जीत की ओर बढ़ रहा है। अब जिले में महज छह केस ही सक्रिय रह गए हैं। पिछले एक सप्ताह में दस से भी कम मामले मिले हैं। हालांकि, डीएम ने अभी किसी भी तरह की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को डीएम चंद्रभूषण सिंह की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट में कोरोना कंट्रोल रूम को लेकर बैठक हुई। इसमें डीएम ने कहा कि भले ही कोरोना के मामले कम हो रहे हैं, लेकिन किसी भी कीमत पर कोई भी अफसर ढिलाई न बरते। सक्रियता जारी रखें। मरीजों की जांचों में कोई भी नहीं आनी चाहिए। शासन से जो लक्ष्य तय है, उसी के हिसाब से नमूने भरे गए। कंट्रोल रूम की प्रभारी स्मृति गौतम ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत अलीगढ़ जिले में कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मियों को जनवरी का वेतन नहीं मिला है। इस पर डीएम ने निर्देश दिए कि 24 घंटे के अंदर भुगतान किया जाए। इसके साथ ही सीएमओ को निर्देश दिए कि देहात क्षेत्र में कोरोना की जांच कम हो रही हैं। ऐसे में इस स्थिति में सुधार किया जाए। शहर के साथ ही देहात में भी जांचों की संख्या बढ़ाई जाए।
भर्ती में होना है शामिल, जांच नहीं कर रहे डाक्टर
अलीगढ़ : आगरा में इन दिनों सेना भर्ती चल रही है। अलीगढ़ जिले से भी इनमें अभ्यार्थी शामिल हो रहे हैं। गुरुवार को एक दर्जन से अधिक युवा दीनदयाल अस्पताल पहुंचे। यहां इन्होंने बताया कि सेना में भर्ती के लिए कोरोना की जांच अनिवार्य है, लेकिन दीनदयाल के चिकित्सक जांच नहीं कर रहे हैं। वह सुबह से ही दीनदयाल में खड़े हुए हैं, लेकिन यहां के सीएमएस ने जांच कराने से इंकार कर दिया है। उनका कहना है कि इतने लोगों की जांच वह नहीं करा सकते हैं।
