इटावा, एजेंसी राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने शुक्रवार की सुबह जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जेल में रह रहे बंदी जब छूटें तो जेल से बाहर जाने के बाद किसी के प्रति मन में दुर्भावना न रखें। अच्छा जीवन व्यतीत करें और अपने परिवार की प्रगति के बारे में सोचें।

उन्होंने महिला बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि ज्यादा उग्रता के कारण घटनाएं अधिक घटित होती हैं।

उन्होंने इटावा की गुरुवार की घटना का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर इसका पहले समाधान हो जाता तो यह घटना कदापि न होती। इसका समाधान न होने के कारण यह घटना घटित हुई है। उन्होंने कहा कि अब कारागारों में काफी परिवर्तन हुए हैं। बंदियों को भी बहुत सुविधाएं मिल रहीं हैं। पहले जेल में बंदियों को एक ही कोठरी में बंद कर दिया जाता था, परंतु अब ऐसा नहीं है।

राज्यपाल ने जेल में निरुद्ध महिला बंदियों से संवाद कर उनके जेल में आने के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिस पर अधिकांश बंदियों ने बताया कि वे दहेज उत्पीड़न के आरोप में जेल में बंद हैं। उन्होंने महिला बंदियों से कहा कि वे संकल्प लें और सजा की अवधि पूर्ण होने के बाद जब घर जाएं तो अपराध की तरफ न आएं। बल्कि गांव में दूत बनकर यह संदेश दें कि न तो दहेज लेंगे और न दहेज देंगे। उन्होंने महिला बंदियों के उपयोग के लिए सैनिटरीपेड, बैंडिंग मशीन व सैनिटरीपेड इनसिनरेटर मशीन का फीता काटकर शुभारंभ किया। बंदियों को फल व महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को लेखन सामग्री प्रदान की। इस अवसर पर सदर विधायक सरिता भदौरिया, भरथना विधायक सावित्री कठेरिया, जिलाधिकारी श्रुति सिंह, एसएसपी बृजेश कुमार सिंह, जिला कारागार अधीक्षक राजकिशोर सिंह मौजूद रहे।

रेडक्रास पदाधिकारियों ने की राज्यपाल से भेंट : इंडियन रेडक्रास सोसायटी के पदाधिकारियों ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से भेंट की। सुमेर सिंह किले पर रेडक्रास सोसायटी के पदाधिकारियों ने राज्यपाल से भेंट करके उन्हें रेडक्रास की गतिविधियों के बारे में बताया। यह भी बताया कि कोरोना काल में रेडक्रास ने क्या-क्या कार्य किए हैं।‌ इसके साथ ही रेडक्रास ने राज्यपाल से अनुरोध किया कि वृद्ध आश्रम की कमी महसूस की जा रही है जिसकी काफी जरूरत है। यदि प्रशासन की ओर से जमीन या भवन उपलब्ध करा दिया जाए तो रेडक्रास सोसाइटी वृद्ध आश्रम का संचालन करने के लिए तैयार है। सोसायटी की ओर से चेयरमैन डा. केके सक्सेना, सचिव हरि शंकर पटेल, कोषाध्यक्ष विजय शंकर वर्मा, कार्यकारिणी सदस्य डा. आशीष दीक्षित, संजय सक्सेना, राजेश वर्मा तथा आरएन वर्मा ने राज्यपाल से भेंट की।

कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल नहीं मिल सका : कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मिलना चाहता था। लेकिन उन्हें मुलाकात का समय नहीं मिला। जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव के नेतृत्व में 11 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ताखा तहसील के कुदरैल गांव पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर कट बनाए जाने को लेकर उनसे मिलना चाहता था लेकिन प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *