उत्तरप्रदेश सरकार में मंत्री श्री विजय कश्यप का निधन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण अब तक कई माननीयों की जान ले चुका है। जानकारी के मुताबिक कोरोना संक्रमण के इस भयावह दौर में उत्तर प्रदेश में पिछले एक साल में 14 विधायकों का निधन हो चुका है, जिसमें तीन मंत्री भी शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा संख्या भारतीय जनता पार्टी के विधायकों की है। प्रथम चरण के मुकाबले कोराना का दूसरा चरण अधिक घातक बन चुका है। पिछले एक माह के भीतर यह खतरनाक वायरस पांच विधायकों को लील चुका है। मंगलवार को यूपी के राजस्व व बाढ़ नियंत्रण राज्य मंत्री विजय कश्यप के निधन ने दुख और दहशत को और बढ़ा दिया है।

मुजफ्फरनगर जिले के चरथावल विधानसभा क्षेत्र से पहली बार चुने गए विजय कश्यप सौम्य व सरल व्यक्तित्व वाले लोकप्रिय विधायक थे। महामारी के दूसरे चरण में कोरोना की भेंट चढ़े विजय कश्यप पहले मंत्री थे, परंतु इनके अलावा चार विधायक भी इस प्राणघातक वायरस से जान गवां चुके हैं। लखनऊ के सुरेश श्रीवास्तव कोरोना संक्रमण के शिकार हुए, वहीं रायबरेली जिले के दलबहादुर कोरी को भी वायरस ने नहीं बक्शा। औरेया के रमेश दिवाकर और नवाबगंज बरेली के केसर सिंह गंगवार भी कोरोना की भेंट चढ़ गए।

कोरोना संक्रमण के प्रथम चरण में प्रदेश सरकार के दो कैबिनेट मंत्री अपनी जान गवां चुके हैं। अमरोहा की सादात सीट से विधायक और होमगार्ड मंत्री चेतन चौहान की मौत गत 16 अगस्त, 2020 को हो गयी थी, जबकि कानपुर देहात के घाटमपुर से विधायक और प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण की गत दो अगस्त, 2020 को कोरोना संक्रमित होने के कारण मृत्यु हो गयी थी। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और मुलायम सिंह परिवार के विश्वासपात्र रहे विधान परिषद सदस्य एसआरएस यादव ने भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से दम तोड़ दिया था। जौनपुर की मल्हनी से पूर्व विधायक पारसनाथ यादव और देवरिया सदर के विधायक जन्मेजय सिंह का भी कोरोना से निधन हुआ था।

 

प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री भी दुखी : प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री विजय कश्यप के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री विजय कश्यप के निधन से अत्यंत दुख हुआ। वे जमीन से जुड़े नेता थे और सदा जनहित के कार्यों में समर्पित रहे। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, उत्तर प्रदेश सरकार में मेरे सहयोगी तथा राजस्व व बाढ़ नियंत्रण राज्यमंत्री विजय कश्यप का निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने परम धाम मेंं स्थान व शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

निधन पर जताया शोक : राज्य मंत्री विजय कश्यप के असामयिक निधन पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कश्यप के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त की है। विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित ने भी विजय कश्यप के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनको एक लोकप्रिय व कर्मठ जनप्रतिनिधि बताया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *