आगरा  : ताजमहल को तेजोमहालय कहने वाले हिंदूवादियों ने गुरुवार को महाशिवरात्रि पर ताजमहल के मुख्य गुम्बद के पास जाकर शिव पूजन किया। हिंदूवादी महिला नेता को CISF ने हिरासत में लेकर थाना ताजगंज पुलिस के हवाले कर दिया है। घटना की जानकारी के बाद हिंदूवादी ताजगंज थाने पर प्रदर्शन के लिए पहुंचे और महिला नेता को रिहा करने की मांग कर रहे हैं

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह अखिल भारतीय हिन्दू महासभा की प्रांत अध्यक्ष महिला नेता मीना दिवाकर ताजमहल के अंदर पहुंची और मुख्य गुम्बद के सामने शिव स्रोत का पाठ शुरू कर दिया। जैसे ही ताज की सुरक्षा संभाल रही CISF के सिपाहियों ने यह देखा तो तत्काल महिला सिपाहियों को बुलाकर मीना दिवाकर को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उनकी सूचना पर थाना ताजगंज पुलिस मीना दिवाकर को थाना ताजगंज ले आई।

पहले भी ताजमहल पर पूजा कर चुकी है मीना दिवाकर
मीना दिवाकर पूर्व में ताजमहल के मुख्य गुम्बद पर जाकर आरती और शिव चालीसा पढ़ चुकी है। मामले का वीडियो वायरल होने पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद सावन में कांवड़ लेकर ताजमहल जाने के प्रयास में भी उन पर मुकदमा दर्ज हुआ था।

7 दिन पहले ताजमहल में बम रखे जाने की उड़ी थी अफवाह
एक सप्ताह पहले ताज महल में बम की खबर मिली थी जो जांच पड़ताल के बाद फर्जी निकली। बम की खबर के बाद कुछ देर के लिए ताज में पर्यटकों की एंट्री बंद कर दी गई थी। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन के बाद ताज परिसर को पर्यटकों के लिए फिर से खोल दिया गया था। पुलिस का कहना है कि बम रखने की धमकी देने वाले की पहचान हो गई है। उसे फिरोजाबाद में हिरासत में ले लिया गया है।

चार महीने पहले विजयादशमी पर हिंदूवादी नेता ने किया था शिव चालीसा का पाठ
चार महीने पहले विजयादशमी पर्व पर हिंदू जागरण मंच के नेता ने ताजमहल परिसर में भगवा झंडा लहराकर शिव चालीसा का पाठ किया था। जानकारी के बाद CISF के जवानों ने हिंदूवादी नेता को पकड़ लिया था। हालांकि थोड़ी देर बाद ही पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया था। इस घटना से पहले भी ताजमहल में पांच बार हिंदूवादी संगठन के नेताओं द्वारा भगवा लहराया जा चुका है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *