हाथरस : पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में लगातार वृद्धि होने के कारण लोग परेशान हैं। कांग्रेस पार्टी द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जनपद की विभिन्न पेट्रोल पंप पर जाकर कांग्रेस पार्टी के फ्रंटल संगठन एवं प्रकोष्ठ विभागों ने पेट्रोल डीजल मूल्य वृद्धि एवं महंगाई के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। आगरा रोड पेट्रोल पंप पर महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष बीना गुप्ता एडवोकेट एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष विकास चौधरी, पिछड़ा वर्ग की ओर से संदीप कश्यप, अल्पसंख्यक विभाग की ओर से मुबीन खान ने लोगों से हस्ताक्षर कराए। लाड़पुर पर व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष पिंटू खटीक के नेतृत्व में हस्ताक्षर कैंप लगाया गया। मेंडू रोड पर शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव अविनाश पचौरी, प्रदेश सचिव सुनील शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विपिन अग्निहोत्री के नेतृत्व में कैंप लगा। हाथरस जनपद की चारों तहसील एवं सातों ब्लाक की पेट्रोल पंपों पर जाकर कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया। जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने विभिन्न पेट्रोल पंप के हस्ताक्षर अभियान में पहुंचकर मनोबल बढ़ाया। जिला अध्यक्ष ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान में जनता से जब बात की तो आम जनमानस ने भी इस मुहिम में साथ खड़े होने का वायदा किया। सरकार की जनविरोधी नीति का विरोध भी किया। हस्ताक्षर अभियान में शहर अध्यक्ष विनोद कुमार कर्दम, पंडित ऋषि कुमार कौशिक, हरिशंकर वर्मा, कपिल नरूला, संतोष उपाध्याय, विष्णु कुमार, अनुराग सिंह मौजूद रहे।