लखनऊ, एजेंसी। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण के तेजी से बढ़ते संक्रमण के खिलाफ बड़ी जंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर ट्रैक, टेस्ट और ट्रीट का फॉर्मूला लागू करने का व्यापक असर दिख रहा है। प्रदेश में बीते 18 दिन से कोरोना वायरस संक्रमण के नए केस मिलने की संख्या में काफी गिरावट आई है। प्रदेश में 24 घंटे में 8737 नए संक्रमित केस मिले हैं, जबकि 255 लोगों की मौत हो गई है।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कोरोना वायरस की रिकवरी दर लगातार बढ़ रही है। कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते संमक्रण पर सरकार ने अंकुश लगाया है। बीते 24 घंटे में 8737 ही नए संक्रमित मिले हैं, जबकि 30 अप्रैल तक यह संख्या तीस हजार से ऊपर रहती थी। प्रदेश में एक्टिव केस में भी 56 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि रिकवरी दर 90.60 प्रतिशत हो गई है। कोरोना संक्रमण के कारण प्रदेश में बीते 24 घंटे में 255 लोगों की मौत हो गई है। अब पॉजिटिविटी दर 3.2 प्रतिशत हो गई है। यह संख्या 24 अप्रैल, 2021 को संसूचित 38 हजार मामलों से लगभग 29 हजार कम है। पिछले 24 घण्टों में 23,045 संक्रमित व्यक्ति उपचार के बाद डिस्चार्ज किये गये हैं।
अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि सरकार का फोकस वैक्सीनेशन पर बढ़ गया है। अब तक 1,19,42,983 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। सोमवार से 23 जिलों में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए भी वैक्सीनेशन का काम चल रहा है। प्रदेश में 32,81,544 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज भी दी गई है। अब तक 18 से 45 वर्ष के बीच आयु वर्ग के 5,27,193 लोगों को वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।
अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि प्रदेश में कोविड बेड के साथ ही मेडिकल ऑक्सीजन व दवा की कमी भी नही है। अब तो हवा से ऑक्सीजन बनाने वाले लगभग 300 से अधिक प्लांट प्रदेश में लग रहे हैं। इसके साथ ही प्रदेश में 20 मई से 3,30,00,000 के करीब राशन कार्ड धारकों को नि:शुल्क राशन दिया जाएगा। अब प्रदेश में संगठित और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को हर महीने 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।