बदायूँ : 23 जून। पर्वतारोही जागरूकता दल आमजन को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं व ज्वलंत विषयों पर कर रहा जागरूक

जिलाधिकारी मनोज कुमार से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित उनके कार्यालय कक्ष में लखनऊ के डैन्जर्स एडवेंचर्स अन्तर्वेद स्पोर्ट्स लांगेस्ट वर्ल्ड टूर बाई ऑन फुट जर्नी के प्रतिनिधियों ने भेंट की। जिलाधिकारी ने पर्वतारोही जागरूकता दल को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी। जागरूकता दल सड़क सुरक्षा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संदर्भ में आमजन को जागरूक करने में अपनी अहम भूमिका अदा कर रहा है। जागरूकता दल ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी उपलब्धियां भी गिनाई।

जिलाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि आमजन को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डीबीटी के माध्यम से अनुमन्य धनराशि उनके खातों में अंतरित की जाती है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा आदि विषयों पर पर्वतारोही जागरूकता दल समाज हित में कार्य कर रहा है।

पर्वतारोही जागरूकता दल के ग्रुप लीडर लखनऊ निवासी जितेंद्र प्रताप ने बताया कि 17 अप्रैल 2023 को प्रमुख सचिव परिवहन उत्तर प्रदेश शासन द्वारा उनके दल को प्रदेश के सभी जनपदों में जन जागरूकता अभियान चलाए जाने के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि वह अभी तक लखनऊ मंडल के सभी 6 जिलों व बरेली मंडल के बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत का दौरा कर चुके हैं और बदायूं उनका दसवां जनपद है।

उन्होंने बताया कि उनका ग्रुप सड़क सुरक्षा, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, मतदाता जागरूकता, सिंगल यूज प्लास्टिक, स्वच्छ भारत मिशन, ऊर्जा संरक्षण व मिशन कर्म योगी आदि विषयों पर जन जागरूकता, संगोष्ठी आदि माध्यमों से आमजन को जागरूक कर रहे हैं।

ग्रुप लीडर जितेन्द्र प्रताप ने बताया कि उनके दल द्वारा अब तक विश्व के 11 देशों में 04 लाख 35 हजार किलोमीटर की विश्व पदयात्रा पूरी कर चुका है। इस विश्व शान्ति विश्व पदयात्रा द्वारा वर्ष 2018 के दौरान दुनिया की सबसे ऊँची चोटी माउन्ट ऐवरेस्ट बेस कैम्प की यात्रा सफलतापूर्वक सम्पन्न की गई।

उन्होंने बताया कि विश्व शान्ति विश्व पदयात्रा का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया है तथा उनके संस्थान का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स तथा लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है। उन्होंने बताया कि उनके ग्रुप में वर्तमान में चार सदस्यी दल यहां पर है जिनमें लखनऊ निवासी महेंद्र प्रताप एवं गोविंदा नंद तथा फर्रुखाबाद निवासी निश्चल मौर्या हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *