अलीगढ़: चित्र प्रदर्शनी की शुरुआत, विधायक ने कराया अन्नप्राशन और गोद भराई
राष्ट्रीय पोषण माह पर कासगंज में चल रहे तीन दिवसीय अभियान के दूसरे दिन चित्र प्रदर्शनी की शुरुआत की गई. श्री गणेश इंटर कॉलेज में लगी प्रदर्शनी का उद्घाटन अमापुर विधायक हरि ओम वर्मा ने फीता काटकर किया.


उद्घाटन के बाद विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पोषण पर लगी प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया.
मुख्य मंच पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के हर एक व्यक्ति की चिंता करने वाले नेता हैं. उनकी सोच का ही नतीजा है कि आज पांचवां राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जा रहा है. उन्होंने सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों व खास तौर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से सही पोषण के संदेश को आम जन तक ले जाने की अपील की.
कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय संचार ब्यूरो अलीगढ़ कर रहा है. क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नीरज कुमार भट्ट ने बताया कि 5 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और 5 बच्चों का अन्न प्राशन किया गया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी सचिन ने की. उन्होंने कहा कि भारत सरकार के साथ मिलकर स्थानीय प्रशासन पोषण पर चलाए जा रही सभी योजनाओं को गांव गांव तक पहुंचाने का पूरा प्रयास कर रहा है. इसमें और तेजी लाई जाएगी.
वहीं एसडीएम सदर पंकज कुमार, यूपी चयन आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य कमल सिंह टेनी, बीजेपी जिला मंत्री कृष्णकांत वशिष्ठ पूरे कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहे.
पोषण पर अच्छे कार्य के लिए प्रभारी बाल विकास एवं पुष्टाहार सुमित कुमार चौहान को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया.
केंद्रीय संचार ब्यूरो की तरफ से अच्छा काम कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी पुरस्कृत किया.
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से संबद्ध जगदंबा जागरण मंच के कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया.
कार्यक्रम के सफल समापन पर प्रधानाचार्य श्री गणेश इंटर कॉलेज एच पी एन दुबे ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद किया.
