बरेली । कांग्रेस की महासचिव प्रियंका वाड्रा का 23 मार्च को प्रस्तावित दौरा फिलहाल निरस्त हो गया है। पार्टी नेताओं के मुताबिक अब होली के बाद उनका जिले में दौरा होगा। 23 को प्रियंका अब बागपत में आयोजित रैली में शामिल होंगी। उनके दौरे से पहले संगठन सचिव डॉ. संजीव शर्मा बरेली पहुंचे। जहां उन्होंने जिला पंचायत चुनाव व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के आगामी संभावित दौरे के संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय श्यामगंज में बैठक की।
बैठक में जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष और न्याय पंचायत अध्यक्ष शामिल हुए। जिनसे पंचायत चुनाव में जीत दर्ज करने को लेकर राय ली गई। जिससे अधिक संख्या में पंचायत सदस्य जिताकर पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में पार्टी अहम भूमिका निभा सके। मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन के सहारे कांग्रेस सरकार बनाएगी। भाजपा सरकार जनता से केवल झूठ बोलने का काम कर रही है। जिसे जनता अब समझ चुकी है। जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने कहा कि कांग्रेस ही देश में ऐसी पार्टी है जो सही मायने में देश का विकास कर सकती है। क्योंकि जब से भाजपा सरकार आयी है, देश की हर संपत्ति को बेंचने का ही काम कर रही है। देश की जनता में बड़ा आक्रोश पनपता जा रहा है। जिसका असर आगामी चुनाव में देखने को मिलेगा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस जमीनी स्तर पर मजबूती चाहती है। पार्टी की ओर से मिशन 2022 को लेकर संगठन की संरचना, मजबूती और अभियानों पर पार्टी जोर दे रही है। बैठक में राज शर्मा, दिनेश गुप्ता, इलियास अंसारी, अनुज गंगवार, जिया उर रहमान, वसीम अकरम, डॉ. नीतू शर्मा, राजेन्द्र सागर, डॉ. मेहंदी हसन, कमलेश ठाकुर, सुनीता दूबे, पकीजा खान, हेमा बत्रा, हाजी इस्लाम बब्बू, जुनैद हसन समेत अन्य मौजूद रहे।