संवाद सूत्र, कुलदीप माहेश्वरी
मिरहची, एटा– पिछले 24 घंटे से कस्बा मिरहची एवं ग्रामीण क्षेत्र में भारी मूसलाधार बारिश हुई है। मूसलाधार बारिश से हर ओर पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। कुछ गांवों में तो पानी घरों में घुस गया है। कस्बा में टायर पंक्चर सही करने वाले छोटेलाल का तो मकान ही धाराशायी हो गया।
बुधवार की दोपहर से कस्बा व ग्रामीण क्षेत्र में रूक रूक कर भारी बारिश हो रही है। अत्यधिक बारिश के कारण आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कस्बा निवासी छोटेलाल पंक्चर मिस्त्री का मकान ही धाराशायी हो गया। वहीं कस्बा में मारहरा रोड़ स्थित शिक्षक ग्रीश वर्मा का मकान चटक गया। कस्बा स्थित राष्ट्रीय इण्टर कॉलेज के प्रांगण में दो से तीन फुट तक पानी भरा हुआ था। अत्यधिकता के चलते पानी कॉलेज के कमरों में भर गया। जिन्हैरा मार्ग पर सड़कों पर तेज प्रवाह के साथ पानी बह रहा था। कस्बा के मुहल्ला यादवनगर निवासी गोपाल कश्यप के तालाब के किनारे बने मकान में पानी भर गया था। कस्बा स्थित प्राचीन माता मंदिर के सामने बारिश का पानी इतना भर गया था कि लोगों का उधर से होकर निकलना मुश्किल हो गया था। निकटवर्ती गांव इनामनगर में सीमेंट ईंट उद्योग में पानी भर जाने से उसमें रखीं दो सौ से अधिक सीमेंट की भरी बोरी खराब हो गईं। वहीं ईनामनगर निवासी कुंवरपाल और राधेश्याम के मकानों में बारिश का पानी घुस गया। ईनामनगर के ग्रामीण अपने घरों का सामान निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जा रहे हैं। खंड विकास अधिकारी मारहरा मनोज कुमार शर्मा ने कार्यालयी कर्मचारियों के साथ लोगों के हुये नुकसान का आंकलन किया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के हुये नुकसान की रिपोर्ट वह प्रशासनिक अधिकारियों को सोंपे़गे।
फोटो कैप्सन–ईनामनगर में कुंवरपाल के मकान में घुसा बारिश का पानी।
–कस्बा निवासी छोटेलाल का गिरा मकान।
प्राचीन माता मंदिर के सामने भरा पानी।
