लखीमपुर खीरी/लखनऊ : कृषि कानूनों और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी की टिप्पणी का विरोध कर रहे किसानों और मंत्री के बेटे के बीच रविवार को हिंसक टकराव में आठ लोगों की मौत के बाद उत्तर प्रदेश में बवाल मचा हुआ है। सियासी उबाल के बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी लखीमपुर जाने के लिए निकली लेकिन उन्हें सीतापुर के हरगांव में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। लखनऊ में धरने पर बैठे अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
लखीमपुर खीरी : यूपी सरकार का पंजाब के मुख्य सचिव से आग्रह, किसी को घटनास्थल पर ना आने दें
लखीमपुर खीरी में किसान आंदोलन के दौरान चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत के बाद जिले में धारा 144 लगा दी गई है। इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने पंजाब के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर उनसे आग्रह किया है कि वहां से किसी को लखीमपुर खीरी के लिए रवाना ना होने दिया जाए। उत्तर प्रदेश सरकार ने यह पत्र लखीमपुर में हिंसा को बढ़ने से रोकने के उद्देश्य से लिखा है। लखीमपुर खीरी में रविवार को किसानों के धरने के दौरान किसानों पर केंद्रीय मंत्री के बेटे की गाड़ी चढ़ गई थी, जिसमें चार किसानों की मौत हो गई थी। इसके बाद जिले में बवाल बढ़ गया था। इस हिंसा में कुल आठ लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आदि नेताओं को लखीमपुर खीरी जाने के दौरान हिरासत में ले लिया गया है।
हिरासत में लिए गए अखिलेश यादव
अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया गया है। अखिलेश यादव लखीमपुर खीरी जाने पर अड़े थे। पुलिस प्रशासन द्वारा रोके जाने पर उन्होंने अपने आवास के बाहर धरना शुरू कर दिया था।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बंद किया एनएच-9 और 24
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को लखीमपुर खीरी जाने से रोकने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-9 और 24 बंद कर दिया है। इससे दिल्ली से गाजियाबाद आने-जाने वाले कई रास्तों पर लंबा जाम लग गया है।
पुलिस को चकमा देकर लखीमपुर के लिए निकले हाउस अरेस्ट किए गए शिवपाल
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव को लखनऊ स्थित उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर दिया गया था पर वह सुबह पुलिस को चकमा देकर लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हो गए। वहीं, उन्होंने प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों से जिला मुख्यालय पर धरना देने और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने का निर्देश दिया है।
हापुड़ में जयंत को न रोक पाई पुलिस
लखीमपुर जा रहे रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी के काफिले को पुलिस ने हापुड़ के छिजारसी टोल पर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान उनके काफिले में शामिल कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते हुए पीछे धकेल दिया। इसी बीच जयंत चौधरी काफिले के साथ आगे रवाना हो गए। इसके बाद जयंत चौधरी ब्रजघाट स्थित टोल पर पहुंचे यहां भी उन्होंने पुलिस को चकमा दिया और आगे बढ़ गए।
राहुल गांधी ने बहन को हिरासत में लेने पर कहा- प्रियंका मैं जानता हूं तुम पीछे नहीं हटोगी
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में रविवार को हुई हिंसक झड़प में चार किसान समेत कुल आठ लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही सभी विपक्षी पार्टियों के नेता कल रात से लखीमपुर खीरी पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि अभी तक कोई कामयाब नहीं हो सका। इन्हीं में से एक हैं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जिन्हें आज सुबह करीब 4.00 बजे हरगांव में रोकने के बाद हिरासत में ले लिया।
प्रियंका को हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल गांधी ने ट्वीट कर अपनी बहन का मनोबल बढ़ाते हुए कहा है कि वह जानते हैं कि प्रियंका पीछे नहीं हटेंगी। राहुल ने ट्वीट किया है, प्रियंका, मैं जानता हूं तुम पीछे नहीं हटोगी- तुम्हारी हिम्मत से वे डर गए हैं। न्याय की इस अहिंसक लड़ाई में हम देश के अन्नदाता को जिता कर रहेंगे।
