शाहजहांपुर : पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के भाजपा में शामिल होने के झटके से कांग्रेस में उबरने की कोशिश शुरू हो गई है। पेट्रोल व डीजल के मूल्य में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट की ओर बढ़ने पर पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो कार्यकर्ता भिड़ गए, जिस पर पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक वहां से हटाकर गिरफ्तार करते हुए पुलिस लाइंस भेज दिया। इस दौरान अफरा तफरी का माहौल रहा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ता टाउनहाल स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। उसके बाद वहां से जैसे ही कलक्ट्रेट की ओर रवाना हुए तो पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक लिया। धक्का मुक्की होने पर कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू किया तो पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने की कोशिश की। जब वे लोग नहीं माने तो गिरफ्तार करते हुए वहां से उठाकर पुलिस लाइंस भेज दिया।