उरई(जालौन)। माधौगढ़ ब्लाक के ग्राम मिर्जापुर में प्रसिद्ध समाज सेवी डा0 लल्ला सिंह की तेरहवी पुण्य तिथि पर उन्हें एक कार्यक्रम आयोजित कर याद किया गया और श्रृद्धा सुमन अर्पित किये गये। इस अवसर पर घोषणा की गई कि गांव में उनकी स्मृति में एक द्वार बनाया जायेगा ताकि आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों और कृतित्व से प्रेरणा मिलती रहे। साथ ही हर सप्ताह उनकी याद में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने की भी घोषणा की गई।


समाज सेवी स्व0 लल्ला सिंह की पुण्य तिथि पर सोमवार को ग्राम मिर्जापुर में कार्यक्रम आयोजित किये गये। इस दौरान नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन भी किया गया था। जिसमें उरई के जाने माने चिकित्सक डा0 संजीव गुप्ता ने ग्राम और क्षेत्र के लगभग 250 मरीजों का परीक्षण कर रोगों के निदान के लिए नि:शुल्क दवायें भी दी।
इस दौरान परमार्थ के निदेशक और डा0 लल्ला सिंह के सबसे बड़े सुपुत्र अनिल सिंह ने आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनके पिता ने समाज सेवा की जो अलख परिवार में जगाई थी वे और उनके अन्य चारों भाई उसका क्रम बनाये रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि अगर वे और उनके भाई पिता की समाज सेवा के 10 प्रतिशत का भी योगदान लोगों के लिए कर सके तो अपने को धन्य समझेंगे। अनिल सिंह के भाई विमल सिंह, विनय सिंह, संजय सिंह व मानवेन्द्र सिंह ने भी पिता को श्रृद्धांजलि अर्पित की। उपजा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक अग्निहोत्री और परमार्थ के कोषाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता टोनी ने भी कहा कि लल्ला सिंह महान व्यक्तित्व थे उनका यशोगान जिले में हमेशा गूंजता रहेगा।
श्रृद्धांजलि सभा में गोविन्द सिंह सेंगर, नरेन्द्र सिंह राजावत पूर्व प्रधान सिरसा दो गढ़ी, वरूण सिंह, शिवेन्द्र सिंह, आर्यन सिंह, एडवोकेट गोपाल श्रीवास्तव, शिवकुमार गुप्ता, राजा सिंह राजावत, संतोष कुमार, गजेन्द्र सिंह, देवेन्द्र प्रताप सिंह, कुंवर सिंह राठौर, राजबहादुर सिंह, रघुनंदन सिंह, पूर्व प्रधान रामाधार प्रजापति सहित दो सैकड़ा से अधिक लोग उपस्थित रहे।
