संवाद सूत्र, कुलदीप माहेश्वरी
मिरहची, एटा: थाना क्षेत्र के गांव दतेई में रात्रि के समय सीढ़ी चढ़ रहा युवक बैलेंस बिगड़ने के कारण नीचे गिर पड़ा। युवक के सिर में पीछे की ओर चोटें आईं। उपचार को आगरा ले जाते समय युवक ने टूंडला से पहले दम तोड़ दिया।
दतेई निवासी रामवीर सिंह का 32 वर्षीय पुत्र प्रेमसिंह गुरूवार की रात्रि 8 सितंबर को सीढ़ी चढ़कर छत पर सोने जा रहा था। अचानक सीढ़ी चढ़ते समय बैलेंस बिगड़ने के कारण वह जमीन पर गिर पड़ा। सीढ़ी से गिरे युवक को परिजन घायल अवस्था में मुख्यालय स्थित डा. शैलेंद्र जैन के यहां उपचार के लिये ले गये। उपचार के दौरान डा. जैन ने घायल युवक की एम. आर. आई. जांच कराई। जांच में स्थिति सही न आने की दशा में चिकित्सक ने घायल युवक प्रेमसिंह को आगरा के चिकित्सक डा. गौरव शर्मा के यहां अॉपरेशन के लिये रैफर कर दिया। परिजन प्रेमसिंह को उपचार के लिये आगरा ले जा रहे थे कि टूंडला से पहले ही प्रेमसिंह ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृत युवक का पोस्टमार्टम कराया है।
