ग्राम पंचायत में हुये विकास कार्यों से संतुष्ट है प्रदेश सरकार
मिरहची: जिले की ग्राम पंचायत जिन्हैरा को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजनान्तर्गत वर्ष 2021-22 में हुये विकास कार्यों से संतुष्ट होकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम पंचायत जिन्हैरा के पंचायत निधि प्रथम खाते में ग्यारह लाख रुपये की राशि भेजकर ग्राम प्रधान को सम्मानित किया है। ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत जिन्हैरा के वाशिंदों ने ग्राम पंचायत को आर्थिक रूप से सम्मानित करने पर मुख्यमंत्री का ह्दय से आभार व्यक्त किया है।
ग्राम पंचायत जिन्हैरा विकास कार्यों को लेकर जिले में अपना स्थान बनाये रखती है। ग्राम पंचायत जिन्हैरा जिले की सभी ग्राम पंचायतों से अधिक विकास कार्यों को लेकर सुर्खियों में बनी रहती है। ग्राम प्रधान जिन्हैरा लक्ष्मी देवी उपाध्याय को स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ बुलाकर समारोह के माध्यम से एक लाख रुपये की धनराशि एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। ग्राम पंचायत अधिकारी जिन्हैरा धर्मेंद्र गुप्ता ने ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी उपाध्याय को बैंक स्टेटमेंट सोंपते हुये अवगत कराया कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जवाहर भवन लखनऊ स्थित कोषागार के माध्यम से ग्राम पंचायत जिन्हैरा के ग्राम पंचायत निधि प्रथम खाते में ग्यारह लाख रुपये की धनराशि भेजकर पुरस्कृत किया है। एकाउंट स्टेटमेंट सोंपते हुये ग्राम पंचायत सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम पंचायत के खाते में उपरोक्त ग्यारह लाख रुपये की धनराशि भेजकर ग्राम प्रधान को जानकारी दी है कि वह पंचायत सचिव एवं स्वयं के विवेक से पंचायत में बनी हुई गौशाला, काजी हाउस की मरम्मत, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अन्तर्गत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, ग्राम पंचायत क्षेत्र में जनसुविधा केंद्र की स्थापना आदि विकास कार्यों पर आवश्यकता होने पर व्यय कर सकते हैं।
