कासगंज: अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती रत्नेश कश्यप की अध्यक्षता में मंगलवार को तहसील पटियाली एवं विकास खण्ड गंजडुण्डवारा के कादरगंज घाट पर रिवर रैचिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तत्पश्चात अध्यक्ष जिला पंचायत द्वारा कादरगंज पुल के निकट गंगा नदी की बहती जल धारा में नाव के द्वारा 01 लाख, 66 हजार मछली के बच्चे छोड़े गये।
अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती कश्यप ने रिवर रैचिंग कार्यक्रम एवं जनजागरूकता गोष्ठी को सम्बोधित करते हुये कहा कि इन मछली के बच्चों से मत्स्य पालकों को काफी लाभ मिलेगा। मत्स्य बीज को लोग नदी से न निकालें, सरकार का उद्देश्य मत्स्य सम्पदा को बनाये रखने के लिये यह कार्यक्रम किया जा रहा है। यह मत्स्य बीज बहती धारा में लगभग 05 किलोमीटर दायरे में ही रहते हैं। मत्स्य पालन, मत्स्य पालकों के लिये एक रोजगार का साधन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना का सभी मत्स्य पालक पूरा लाभ उठायें और अपनी आय बढ़ाकर जीवन स्तर में सुधार लायें। इस योजना का लाभ लेने के लिये 30 सितम्बर 2022 तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। उपनिदेशक मत्स्य अलीगढ़ मण्डल राजेन्द्र सिंह द्वारा रिवर रैंचिंग एवं प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना की विस्तार जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य बॉबी कश्यप, आराम सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष निषाद पार्टी रविकुमार लोनियां, हीरालाल कश्यप, प्रधान कादरगंज पुख्ता आमोद कुमार, उपनिदेशक मत्स्य अलीगढ़ मण्डल राजेन्द्र सिंह, डीपीआरओ देवेन्द्र सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य गिरीश चन्द्र तथा अन्य अधिकारी, कर्मचारी व ग्रामवासी उपस्थित रहे।
———–