महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन सरकार की प्राथमिकता : प्रभारी मंत्री

कासगंज (सू0वि0)।  महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिये संचालित मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जनपद के प्रभारी मंत्री/मा0 राज्यमंत्री पर्यावरण, वन तथा जलवायु परिवर्तन विभाग उ0प्र0 श्री अनिल शर्मा जी की अध्यक्षता व विधायक अमांपुर देवेन्द्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में शारदा जौहरी कन्या महाविद्यालय कासगंज के सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मंत्री जी द्वारा जनपद की प्रतिभाशाली महिलाओं को प्रशसित पत्र प्रदान कर नारी शक्ति को सम्मानित किया गया। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर लखनऊ मुख्यालय पर हुये मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का एलईडी के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया।

 अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रभारी मंत्री जी ने मातृ शक्ति को नमन करते हुये कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति स्वरूप माना गया है। प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी द्वारा महिला सशक्तिकरण को और मजबूत बनाने के लिये निरंतर महत्वपूर्ण निर्णय लिये जा रहे हैं। आप सुशिक्षित बनें, अपने अधिकारों को पहचानें। ताकि अन्याय के खिलाफ लड़ सकें। सरकार द्वारा विभिन्न हेल्पलाइन नं0 और कानून आपकी सुरक्षा के लिये बनाये गये हैं। आज महिला के साथ कोई अपराध होता है तो तुरंत गिरफ्तारी किये जाने का प्राविधान है। विधायक अमांपुर ने महिला दिवस की शुभकामनायें देते हुये कहा कि जुल्म न सहने की प्रवृत्ति बनायें। आपको किसी प्रकार का जुल्म नहीं सहना है। हमारी बेटियां राजनीति, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित हर क्षेत्र में आगे हैं।

जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुये कहा कि मां ही मनुष्य को सबसे पहले संस्कार देती है। उन्होने बताया कि जनपद में बालिकाओं की बेहतर शिक्षा के लिये लगभग 400 विद्यालयों में एलईडी/प्रोजेक्टर लग गये हैं। मोबाइल का उपयोग अच्छे कार्यों के लिये करें, तो आपका जीवन उज्जव होगा। पंचायत चुनाव में कम से कम 35 प्रतिशत महिला प्रतिनिधि चुनकर आयेंगी। जिला पंचायत अध्यक्ष का पद महिला के लिये आरक्षित है। महिला उत्पीड़न एवं पाॅक्सो एक्ट के तहत आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जा रही है। महिलायें पूर्णतः सजग और सतर्क रहें। यदि आपके साथ कोई घटना हो तो परिवार और पुलिस को अवश्य बतायें ताकि आपको सुरक्षा मिले। आप किसी भी घटना की जानकारी मेरे मोबाइल पर दे सकती हैं। आप लोग अपने बुजुर्ग परिवारजनों को कोविड वैक्सीन का टीका अवश्य लगवायें। मैंने स्वयं टीका लगवाया है। डरने की कोई बात नहीं है। यह बिलकुल सुरक्षित है। महिला सशक्तिकरण अभियान को बल प्रदान करने के लिये अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कोविड टीकाकरण अभियान महिलाओं को समर्पित किया गया है। आज कोविड टीकाकरण टीम में महिलायें ही महिलाओं का टीकाकरण कर रही हैं।

पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सोनकर ने महिला दिवस की बधाई देते हुये कहा कि पढ़ी लिखी लड़की घर की रोशनी होती है। अपने घर परिवार में अच्छे संस्कारों को अपनाकर अपने परिवार और समाज का नाम रोशन करें।

जिला प्रोबेशन अधिकारी ओमप्रकाश यादव द्वारा अवगत कराया गया कि कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत जनपद कासगंज में छः श्रेणियों में 6549 बालिकाओं के बैंक खातों में कुल 01 करोड़ 12 लाख रू0 की धनराशि हस्तांतरित की गई है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी, मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र, अपर जिलाधिकारी ए0के0 श्रीवास्तव, जिला समन्वय जिला विज्ञान क्लब जयंत गुप्ता, प्राचार्या सहित बड़ी संख्या में छात्रायें, शिक्षिकायें व अधिकारीगण उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *