कासगंज (सू0वि0)। जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा निर्धन परिवारों को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से एक वर्ष में 05 लाख रू0 तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा चिकित्सालयों में देने के लिये 24 मार्च 2021 तक पखवाड़ा चलाया जा रहा है। समस्त जनसेवा केन्द्रों पर चयनित पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड निःशुल्क बनाये जा रहे हैं। सभी एसडीएम, तहसीलदार, ईओ एवं खण्ड विकास अधिकारी प्रतिदिन क्षेत्र में बनाये जा रहे आयुष्मान कार्डों की समीक्षा करें और शतप्रतिशत पात्रों के आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान युद्वस्तर पर जारी है। सभी पात्र निःशुल्क उपचार की सुविधा प्राप्त करने के लिये अपने आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवा लें। समस्त क्षेत्रीय अधिकारी, कर्मचारी, आशा, आंगनबाड़ी अपने क्षेत्र के समस्त पात्रों को जागरूक कर उनका आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें।
लाभार्थी आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिये जनसेवा केन्द्र पर अपने साथ आधार कार्ड/राशन कार्ड साथ ले जायें । अब तक आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिये लाभार्थियों को 30 रू0 का भुगतान करना पड़ता था। लेकिन अब सभी पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड जनसेवा केन्द्रों पर निःशुल्क बनाया जा रहा है। जनसेवा केन्द्र संचालकों को कोई पैसा नहीं देना होगा। जनसेवा केन्द्र संचालक द्वारा लाभार्थी का आयुष्मान कार्ड बनाते ही शासन द्वारा तुरंत उसके खाते में 12 रू0 का भुगतान कर दिया जायेगा। आयुष्मान के लाभार्थियों का केवल रजिस्ट्रेशन करना है, इसके बाद शासन द्वारा लाभार्थियों का पीवीसी कार्ड निर्धारित पते पर भिजवा दिया जायेगा। कोई भी पात्र आयुष्मान कार्ड से वंचित नहीं रहना चाहिये। इस कार्य में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
जनपद न्यायालय में लेखनसामग्री क्रय हेतु कोटेशन आमंत्रित
कासगंज (सू0वि0)। अध्यक्ष क्रय समिति/प्रथम अपर जिला न्यायाधीश विजेश कुमार द्वारा सूचित किया गया है कि स्थायी लोक अदालत कासगंज के कार्यालय संचालन हेतु प्रयोगार्थ लेखन सामग्री, क्राकरी एवं अन्य सामान क्रय किये जाने हेतु पंजीकृत फर्मों से 18 मार्च 2021 को अपरान्ह 3 बजे तक कोटेशन आमंत्रित किये गये हैं।
इच्छुक पंजीकृत फर्मे/विक्रेता, अपनी फर्म का कोटेशन पंजीकृत डाक से या स्वयं कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जनपद न्यायालय कासगंज में 18 मार्च 2021 को अपरान्ह 3 बजे तक प्राप्त कराना सुनिश्चित करें। विस्तृत जानकारी इसी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
