जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी व अन्य अधिकारी, कर्मचारियों ने पं0 गोविन्द बल्लभ पंत जी के चित्र पर किया माल्यापर्ण
कासगंज (सू0वि0)। आजादी के अमृत महोत्सव एवं चौरी चौरा शताब्दी समारोह की श्रंखला के अंतर्गत शुक्रवार 10 सितम्बर 2021 को भारत रत्न पं0 गोविन्द बल्लभ पंत जी की जयंती मनाई गई।
जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पं0 गोविन्द बल्लभ पंत जी के चित्र पर माल्यार्पण/पुष्पांजलि अर्पित की। अपर जिलाधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारियों ने भी उनके चि़त्र पर पुष्प अर्पित किये। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र, पीडी डीआरडीए रामायण सिंह यादव, जिला दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी ज्ञान देवी व अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा भी समारोह पूर्वक पं0 गोविन्द बल्लभ पंत जी के चित्र पर माल्यार्पण/पुष्पांजलि अर्पित की गई।
जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि भारत रत्न पं0 गोविन्द बल्लभ पंत जी का स्वतंत्रता संग्राम आन्दोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। स्वतंत्रता आन्दोलन के अंतर्गत पं0 पंत जी ने असहयोग आन्दोलन, साइमन कमीशन के बहिष्कार एवं नमक सत्याग्रह में बढ़ चढ़ कर प्रतिभाग किया था। पं0 गोविन्द बल्लभ पंत जी महान देश भक्त, कुशल प्रशासक, सफल वक्ता, तर्क के धनी तथा लेखनी से सशक्त थे। पंत जी उ0प्र0 के प्रथम मुख्यमंत्री रहे तथा बाद में देश के गृहमंत्री के दायित्व का भी निर्वहन किया। वर्ष 1957 में महान देशभक्त, कुशल प्रशासक, सफल वक्ता एवं उदार मन पं0 गोविन्द बल्लभ पंत जी को भारत की सर्वोच्च उपाधि भारत रत्न से विभूषित किया गया।
पं0 गोविन्द बल्लभ पंत जी की जयंती पर जनपद के शैक्षणिक संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व तथा राष्ट्र के प्रति उनके योगदान से छात्र छात्राओं को अवगत कराया गया तथा लखनऊ में हुये मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
