• कुल 7133 परीक्षार्थियों हेतु बनाये गये हैं 18 परीक्षा केन्द्र
  • रिजर्व सहित 22 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा 07 सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित

कासगंज (सू0वि0)।  जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट स्थित रूद्राक्ष सभागार में 24 अगस्त को होने वाली उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीइटी) 2021 को सकुशल, शांतिपूर्वक व नकल विहीन संपन्न कराने के लिए बैठक आयोजित हुई।

जिलाधिकारी ने परीक्षा की सभी तैयारियां समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अभ्यर्थियों की परीक्षा केंद्र के बाहर चेकिंग कर ली जाए। किसी भी अभ्यर्थी के पास परीक्षा कक्ष में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस न हो। केंद्र प्रभारी व केंद्र निरीक्षक नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराना सुनिश्चित करें। परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में होगी।  पेपर खुलने व सील करने के समय वीडियोग्राफी कराई जाएगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय पुरुष व महिला अभ्यर्थियों की अलग-अलग तलाशी ली जाए। महिला अभ्यर्थियों की महिला कर्मियों द्वारा ही तलाशी ली जाए। परीक्षा की गोपनीयता तथा संवेदनशीलता के दृष्टिगत प्रत्येक परीक्षा केंद्र के 100 मीटर की परिधि में परीक्षा केंद्र को छोड़कर आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग तथा परिसर में मोबाइल फोन ब्लूटूथ अन्य संचार संबंधी उपकरण व आईटी गैजेट्स ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केंद्र के 100 मीटर की परिधि में फोटो कॉपियर मशीन व साइबर कैफे परीक्षा अवधि के दिन बंद रहेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

अपर जिलाधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों के उत्तरदायित्व की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी अपने उत्तरदायित्व का सजगता पूर्वक निर्वहन करेंगे। जिससे परीक्षा सकुशल निर्विघ्नं एवं शुचिता पूर्ण संपन्न हो सके।

जिला विद्यालय निरीक्षक एस0पी0 सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा 2021 परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 24 अगस्त 2021 को दो पालियों में (पूर्वाहन 10 बजे से 12 बजे तक एवं अपराह्न 03 बजे से 05 बजे तक) सम्पन्न होगी। परीक्षा को सम्पादित कराने हेतु जनपद में 18 परीक्षा केन्द्रों का निर्धारण किया गया हैं। रिजर्व सहित 22 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा 07 सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किये गये हैं। कुल 7133 परीक्षार्थी परीक्षा देंगें।

बैठक में अपरजिलाधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी न्यायिक अशोक कुमार, उप जिलाधिकारी न्यायिक रमाकांत यादव, उपजिलाधिकारी पटियाली रवेन्द्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक एस0पी0 सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार सहित संबंधित अधिकारी व सभी केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट,  मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *