उर्वरक सम्बन्धी समस्याओं हेतु कन्ट्रोल रूम नं0 7017569005 संचालित।
कासगंज (सू0वि0): जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने बताया कि जनपद में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार तथा कृषकों की मांग के अनुरूप उर्वरकों की उपलब्ध सुनिश्चित कराई जा रही है।
जनपद में खरीफ हेतु इस माह जुलाई तक प्रमुख उर्वरकों की आपूर्ति, उपलब्धता एवं वितरण के प्रस्तावित प्लान के अनुसार यूरिया उर्वरक के लक्ष्य 22000 मै0टन के सापेक्ष 23309 मै0टन की उपलब्धता हो चुकी है। वर्तमान में जनपद में 11240 मै0 टन यूरिया उपलब्ध है। डीएपी उर्वरक के लक्ष्य 7500 मै0टन के सापेक्ष 5346 मै0टन डीएपी उपलब्धता हो चुकी है। वर्तमान में जनपद में 2900 मै0टन डीएपी उपलब्ध है।
कृषकों को उर्वरकों से सम्बन्धित कोई समस्या उत्पन्न न हो इस हेतु जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में उर्वरक कन्ट्रोल रूम नं0 7017569005 संचालित कर दिया गया है। जनपद के कृषक उर्वरकों के सम्बन्ध में इस हेल्पलाइन नं0 पर संपर्क कर अपनी शिकायत का समाधान करा सकते हैं।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद के सहकारी एवं निजी क्षेत्रों में उर्वरक आपूर्ति एवं उपलब्धता की निरंतर समीक्षा की जा रही है। गुणवत्तापूर्ण उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिये सघन छापामारी अभियान जारी है।
