बदायूँ शिखर प्रतिनिधि
कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने शनिवार को जिले के दूरस्थ क्षेत्र में स्थित गंगा पार के कटरी क्षेत्र में बसे विकास खण्ड गंजडुण्डवारा के नगला दुर्ग, नगला तिलक तथा नगला मोहन के विद्यालयों तथा पोलिंग बूथों का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। विद्यालयों में अनियमिततायें मिलने पर जिलाधिकारी ने काफी नाराजगी व्यक्त की और विद्यालयों की व्यवस्थायें सुधारने तथा मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को सही ढंग से करने के सख्त निर्देश दिये।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगला दुर्ग के निरीक्षण के दौरान हैण्डपंप के आसपास पानी भरा हुआ था। शौचालय में टोंटी नहीं थी, ताला लगा हुआ मिला। आपरेशन कायाकल्प से कराये गये कार्य घटिया स्तर के होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुये इंचार्ज असलम खान को एक सप्ताह के अंदर सभी कार्य ठीक ढंग से कराकर फोटो सहित रिपोर्ट बीएसए के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। यहां स्थापित पोलिंग बूथ पर आंगनबाड़ी शारदा देवी मिली, जिसे कोई जानकारी नहीं थी, रजिस्टर अपूर्ण था। जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुये गांव का सर्वे कर मतदाता सूची को अद्यतन करने व अपना कार्य स्वयं करने के निर्देश दिये।
पूर्व माध्य0विद्यालय नगला तिलक में निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कोई भी बच्चा यूनीफार्म में नहीं मिला, पंजीकृत 195 बच्चों में से केवल 68 उपस्थित मिले। बच्चों से बातचीत कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। मध्यान्ह भोजन चूल्हे पर लकड़ियां जलाकर बन रहा था। शौचालय काफी गन्दे मिले। यहां पोलिंग बूथ पर निरीक्षण के दौरान रजिस्टर अद्यतन नहीं था। जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुये इंचार्ज शहजाद अंसारी से कहा कि रजिस्टर तत्काल अद्यतन करें। शौचालय साफ सुथरे रहें। बच्चे यूनीफार्म पहन कर आयें। जब गैस उपलब्ध है तो भोजन लकड़ियों से चूल्हे पर क्यों बनाया जा रहा है। व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाकर रिपोर्ट उपलब्ध करायें।
पूर्व माध्य0 विद्यालय नगला मोहन के निरीक्षण में 29 बच्चे उपस्थित मिले। शौचालय संचालित नहीं था इस में ताला लगा हुआ मिला। पोलिंग बूथ को भी चैक किया। जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुये बीएसए को सख्त निर्देश दिये कि विद्यालयों की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करायें। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ए0के0श्रीवास्तव तथा उपजिलाधिकारी पटियाली उपस्थित रहे।
