-
भूमि विवादों को तत्परता से निबटायें : जिलाधिकारी
-
तहसील सहावर में 55, कासगंज में 53 तथा पटियाली में 58 प्रार्थना पत्र प्राप्त
कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने तहसील सहावर के सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुये कहा कि फरियादियों की समस्याओं, शिकायतों का शीघ्रता से निस्तारण करें। भूमि विवादों को तत्परता से निबटायें। प्रार्थना पत्रों को अधिकतम तीन-चार दिन में गुणवत्ता के साथ निस्तारित कर दें, समय का इंतजार न करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि विवादों की गंभीरता से जांच करा कर निस्तारित करें। खराब विद्युत मीटर और विद्युत चोरी के मामलों में ठीक से जांच करने के बाद ही नोटिस जारी किये जायें। अधिकारी स्वयं कार्यालय में आने वाले शिकायतकर्ता से बात करें। उनकी समस्या को गंभीरता पूर्वक सुनें तथा प्रभावीढंग से समयबद्वता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित करें। फरियादियों से कार्यालयों के चक्कर न लगवायें। भूमि विवादों को उसी दिन निबटायें। लेखपालों और कानूनगो की टीमें बनाकर क्षेत्र में भेजें और मौके पर ही पैमायश कराकर भूमि विवादों का निस्तारण करायें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस पर तहसील सहावर में 55, तहसील कासगंज में 53 तथा अपर जिलाधिकारी ए0के0 श्रीवास्तव की अध्यक्षता में तहसील पटियाली में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 58 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये। इस अवसर पर अवैध कब्जा हटवाने, पैमायश कराने, पुष्टाहार व राशन वितरण न होने, राशनकार्ड ठीक कराने, विद्युत बिल प्रकरण, वृद्वावस्था पेंशन, आपसी विवाद, उत्पीड़न, चकरोड व खेत पर जबरन कब्जा करने आदि से सम्बन्धित प्रार्थना पत्र फरियादियों द्वारा प्रस्तुत किये गये।
तहसील सहावर में इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रोहन प्रमोद बोत्रे, मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र, पीडी डीआरडीए, डीएफओ, जिला विकास अधिकारी, डीपीआरओ, डीएसओ, एलडीएम, एसीएमओ एवं विद्युत, लोक निर्माण, जलनिगम, कृषि, दिव्यांग सशक्तिकरण, ग्रामोद्योग, पशु चिकित्सा, उद्योग सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, एसडीएम सहावर रवेन्द्र कुमार, तहसीलदार, सीओ, क्षेत्रीय खण्ड विकास अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
