रफ्तार पकड़ेगी योजनायें, किसान बंधुओं को मिलेगा लाभ
कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित रूद्राक्ष सभागार मंे जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विगत वित्तीय वर्ष 2020-21 में निष्पादित कार्यो की समीक्षा की गयी तथा वर्ष 2021-22 हेतु संचालित योजनाआंे एवं चयनित परियोजनाओं के अनुमोदन पर विचार किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि संरक्षण इकाई द्वारा संचालित योजनाओं पं0 दीन दयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना तथा नमामि गंगे योजना का सीधा लाभ किसानों को मिलना चाहिये। ग्रामीण क्षेत्रों में बीहड़, बंजर, कटावग्रस्त एवं जलभराव क्षेत्रों को ठीक कराकर मजदूरों और किसानों को आजीविका उपलब्ध कराने में भरपूर योगदान दिया जाये।
बैठक में जिला कृषि अधिकारी/प्रभारी जिला भूमि संरक्षण अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने बताया कि अब इस जनपद में जिला भूमि संरक्षण का कार्यालय संचालित हो गया है। भूमि संरक्षण इकाई कासगंज को पं0 दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत 400 है0 क्षेत्र को नियोजित कर 10 करोड़ रू0 से कार्य कराने के लक्ष्य प्राप्त हुये हैं। जिसके सापेक्ष 135.04 लाख रू0 प्रस्तावित लागत से 747.04 है0 क्षेत्र की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी गई है। इसमें से समतलीकरण, मेंड़बन्दी हेतु 32 लाख रू0 प्राप्त हुआ है।
इसी प्रकार प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (खेत तालाब योजनान्तर्गत) 11 तालाबों को बनाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ था जिसमें 04 लाभार्थियों के खेत में तालाब निर्माण का कार्य प्रगति पर है। जनपद कासगंज में नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा (नमामि गंगे)के अंतर्गत भूमि एवं जल संरक्षण प्रबंधन हेतु डी0पी0आर0 उपलब्ध कराये जाने हेतु निर्देश प्राप्त हुये थे। जिसके अनुपालन में तीन वर्ष हेतु कुल 8420.00 हे0 क्षेत्रफल में कुल 997.25 लाख रू0 प्रस्तावित लागत के भूमि संरक्षण कार्यो का सर्वेक्षण का कार्य योजना विभाग को प्रेषित कर दी गयी है।
मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र ने जनप्रतिनिधियों को संबंधित अधिकारियों से कहा कि उद्यान विभाग में भी गंगा नर्सरी का निर्माण कराये जाने हेतु योजना संचालित है। 15 लाख रू0 की धनराशि से गंगा नर्सरी का निर्माण होगा जिसमें से 7.50 लाख रू0 उद्यान विभाग द्वारा प्रदान किये जायेंगें अवशेष धनराशि लाभार्थी को देनी होगी। उक्त योजना हेतु भी कृषकों बधुओं को प्रेरित करें।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, ब्लाक प्रमुख कासगंज यशवीर सिंह, ब्लाक प्रमुख सहावर कृष्ण प्रताप सिंह, मण्डलीय भूमि संरक्षण अधिकारी, डीएफओ, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
