जनप्रतिनिधियों ने जनपद के विकास का लिया जायजा

अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बना कर कार्य करें : सांसद

कासगंज (जिला सम्वाददाता) : ग्रामीण विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर नजर रखने एवं कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित कराये जाने के उद्देश्य से सांसद श्री राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। बैठक में भारत सरकार द्वारा संचालित महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी योजना, दीनदयाल अन्त्योदय योजना, ग्रामीण कौशल एवं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री शहरी/ग्रामीण आवास, स्वच्छ भारत मिशन शहरी/ग्रामीण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, मिड-डे-मील, उज्जवला योजना, फसल बीमा योजना, डिजीटल इण्डिया, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना सहित समस्त केन्द्रीय योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।

सांसद जी ने कहा कि आप सभी अधिकारी बहुत मेहनत से कार्य करते हैं, संख्या कम होने पर भी प्रगति अच्छी है। जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। मनरेगा में महिलाओं, पिछड़ा वर्ग, अनु0जाति/जनजाति को रोजगार अवश्य मिले, इसका ध्यान रखा जाये। अधिकारी, कर्मचारी पूर्ण क्षमता से कार्य करें और व्यवहारिकता के साथ जनता की समस्याओं का समाधान कर सरकार की मंशा को पूरा करें। हम सब एक परिवार के सदस्य की तरह परिवार की उन्नति के लिये कार्य करें। आपके और हमारे सहयोग से जिला और तरक्की करेगा।

मा0 सांसद ने कहा कि कासगंज से अमांपुर रोड के चौड़ीकरण का एस्टीमेट समिति से संस्तुति लेकर शासन को 15 दिन के अंदर भेजा जाये। कासगंज से चिलकुनिया, ढोलना से चिलकुनिया तथा छिछौरा गांव की सड़कों को सम्बन्धित अधिकारी 15 दिन में ठीक करा दें। गड्ढा मुक्त हेतु जिले में 529 कि0मी0 सड़कें चिन्हित की गई हैं। समस्त गड्ढों को यथाशीघ्र भरा जाये।

बैठक में बताया गया कि महिला स्वयं सहायता समूहों का गठन कर उन्हें रिवाल्विंग फण्ड, बैंक से सीसीएल के अतिरिक्त समूहों को राशन की दुकान, सिलाई कार्य, सामु0 शौचालयों की देखरेख तथा विद्युत बिलों को जमा करने तथा धन के लेनदेन हेतु बैंक सखी के कार्य भी कराये जा रहे हैं। नगर पालिका परिषद कासगंज द्वारा स्वच्छ भारत मिशन नगरीय के अंतर्गत सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट हेतु ग्राम झाबर में आवंटित भूमि पर 50 टन का प्लांट प्रस्तावित है। जलजीवन मिशन के अंतर्गत 391 में ओवर हैड टैंक स्थापित होने हैं, जिसके सापेक्ष 37 की डीपीआर मुख्यालय को भेजी जा चुकी है।

जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने धन्यवाद देते हुये कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत 8181 लाभार्थियों के रजिस्ट्रेशन करा दिये गये हैं। इस योजना के अंतर्गत तकनीकी एवं जीओ टैग न होने के कारण आवास प्लस एप पर लाभार्थियों की सूची परिलक्षित नहीं हो रही है। यदि भारत सरकार से स्वीकृति मिल जाती है तो काफी गरीब लोगों का भला हो जायेगा। जिलाधिकारी द्वारा सांसद जी से इस सम्बन्ध में अपने स्तर से प्रयास करने का अनुरोध किया गया।

बैठक में विधायक कासगंज देवेन्द्र सिंह राजपूत, पटियाली ममतेश शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप तथा कुमकुम वार्ष्णेय व समिति के सभी सदस्य एवं जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधीक्षक रोहन प्रमोद बोत्रे, मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र, अपर जिलाधिकारी ए0के0 श्रीवास्तव, पीडी डीआरडीए रामायण सिंह यादव, डीपीआरओ, बीएसए सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *