439 टीमें तैनात, अब तक 143510 घरों का कराया गया है सर्वे-सीएमओ
कासगंज (सू0वि0)। जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने जनपद में बुखार और डेंगू के प्रकोप को गंभीरता से लेते हुये जनता से कहा है कि बुखार और डेंगू से डरने की जरूरत नहीं है। जिले में भरपूर मात्रा में दवायें उपलब्ध हैं। चिकित्सकों की टीमें लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में भेजकर टेस्टिंग तथा दवाओं का वितरण कराया जा रहा है। समस्त नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान युद्वस्तर पर संचालित है। जलभराव हटाने का कार्य किया जा रहा है। एण्टी लार्वा के छिड़काव, फोगिंग कराने तथा साफ सफाई कराने के निर्देश समस्त ईओ व डीपीआरओ को दे दिये गये हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के माध्यम से भी सफाई कार्य कराने, सड़क किनारे से झाड़ियां हटाने, जलभराव हटाने आदि की व्यवस्था करा दी गई है। ब्लाक गंजडुण्डवारा के संवेदनशील क्षेत्र ग्राम गनेशपुर में विशेष रूप चिकित्सकों की टीम भेजी गईं। हेल्थ कैम्प लगवाकर मलेरिया व डेंगू आदि की जांच कराकर विभिन्न रोगों के लक्षणयुक्त रोगियों को निःशुल्क दवाओं का वितरण कराया गया।
जिला चिकित्सालय में डेंगू कंट्रोल रूम सक्रिय है। डेंगू के सम्बन्ध में कोई भी सूचना हो तो तुरंत कन्ट्रोल रूम के मोबा0 नं0 8445154808 तथा 8791292672 एवं वाट्सएप नं0 8791392672 पर किसी भी समय संपर्क किया जा सकता है। सभी नागरिकों की भी जिम्मेदारी है कि रोगों से बचाव हेतु अपने आसपास साफ सफाई रखें और ऐहतियात बरतें। घरों में टायर, वर्तनों, कूलरों की टंकियांे में पानी न रखें। मच्छर न पनपने दें। पूरी आस्तीन के कपड़े पहने। हैण्डपम्पों के आस-पास कीचड़ व जलभराव न होने दिया जाये। घरों के आसपास की नालियों की सफाई करा दें। मच्छरों से बचाव करें।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 अनिल कुमार ने बताया कि 07 सितम्बर 2021 से निरंतर घर घर सर्वे कराया जा रहा है। जिसमें 439 टीमें लगी हुई हैं। अब तक 143510 घरों का भ्रमण किया गया है। जिनमें बुखार के 368, सर्दी, जुकाम, खांसी के 212, सांस लेने में परेशानी के 09, टीबी के 14, मलेरिया के 07 तथा डेंगू के लक्षण वाले 21 मरीज मिले हैं। मंगलवार को सभी ब्लाकों केे लगभग 21 ग्रामों तरसी, गनेशपुर, कैण्डी, प्रह्लादपुर, नगला राम चन्द्र, देवरी, गंगा गढ़, बघेला, अल्लीपुर बरबारा, दतलाना, लहरा, हुण्डा, शेरपुर, भरतपुर, बरईपुर, बदनपुर, वाहिदपुर माफी, करमपुर आदि में चिकित्सकीय टीमें भेजकर जांच एवं निरोधात्मक कार्यवाही की गई। 134 ग्रामों में एण्टी लार्वा का छिड़काव कराया गया है तथा नगरीय क्षेत्रों में फोगिंग कराई जा रही है।

