कासगंज: जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सेवायोजन एवं रोजगार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुये कहा कि जनपद में कौशल प्रशिक्षण, अप्रेन्टिसशिप के माध्यम से रोजगार, स्वरोजगार के विशेष अवसर सृजन किये जाने के उद्देश्य से समस्त सम्बन्धित विभागीय अधिकारी मिशन रोजगार अभियान के अंतर्गत रोजगार सृजन की कार्ययोजना अनिवार्य रूप से बनाकर रोजगार व स्वरोजगार सम्बन्धी डाटा सेवायोजन पोर्टल पर अपलोड किये जाने की कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़कर आत्म निर्भर बनाने के लिये प्रत्येक विभागीय कार्यालय में एक रोजगार हेल्पडेस्क स्थापित की जाये। जिसके द्वारा कार्यालय में आने वाले व्यक्तियों को अपनी विभागीय योजनाओं की पूरी जानकारी दें। इच्छुक व्यक्तियों को रोजगार व स्वरोजगार हेतु सक्षम बनाने वाले कार्यक्रमों की पूरी जानकारी के साथ ही पात्रता आदि के सम्बन्ध में विस्तार से परामर्श दिया जाये। इसे एक अलग रजिस्टर बनाकर पूरा विवरण अंकित किया जाये। रोजगार हेल्पडेस्क तथा समय से अपलोडिंग कराने के लिये कार्यालय के किसी अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित कर दिया जाये। सभी विभागीय अधिकारी युवाओं के लिये सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक रोजगार सृजन के लिये कार्य करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र, उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत, जिला सेवायोजन अधिकारी सिद्वार्थ मित्तल, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, एलडीएम, अधिशाषी अभियंता विद्युत, जलनिगम, श्रम, डूडा, कौशल विकास, कृषि सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
