अनारक्षित वर्ग के लिये नामांकन पत्रों का मूल्य 800 रू0 तथा जमानत धनराशि 5000 रू0। आरक्षित वर्ग हेतु 400 रू0 तथा 2500 रू0
कासगंज (सू0वि0)।राज्य निर्वाचन आयोग उ0प्र0 द्वारा जारी अधिसूचना के क्रम में जिला मजिस्ट्रेट/ जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने बताया कि जनपद कासगंज में प्रमुख क्षेत्र पंचायत के पदों के लिये आज गुरूवार 08 जुलाई 2021 को पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 03 बजे तक नाम निर्देशन पत्र जमा होंगे तथा अपरान्ह 3 बजे से कार्य समाप्ति तक नाम निर्देशन पत्रों की जांच होगी। 09 जुलाई को पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक उम्मीदवारी वापस लेने का समय रहेगा। शनिवार 10 जुलाई को पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक मतदान होगा तथा इसी दिन अपरान्ह 3 बजे से कार्य की समाप्ति तक मतगणना होगी। यह निर्वाचन आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के अनुसार एकल संक्रमणीय मत द्वारा होना है। मतदान गुप्त मत द्वारा होगा। नामांकन से मतगणना तक की समस्त प्रक्रिया सम्बन्धित क्षेत्र पंचायत मुख्यालय पर सम्पन्न होगी।
नाम निर्देशन प्रपत्रों का विक्रय क्षेत्र पंचायत मुख्यालय से ही आज भी पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 2 बजे तक किया जायेगा। नामांकन पत्रों का मूल्य अनारक्षित वर्ग हेतु 800 रू0 तथा आरक्षित वर्ग हेतु 400 रू0 एवं जमानत धनराशि अनारक्षित वर्ग हेतु 05 हजार रू0 व आरक्षित वर्ग हेतु 2500 रू0 निर्धारित है। कोई भी प्रत्याशी अधिकतम चार नाम निर्देशन पत्र भर कर जमा कर सकता है। नाम निर्देशन पत्र पर प्रत्याशी तथा उसके प्रस्तावक व अनुमोदक के हस्ताक्षर/अंगूठा निशानी होना जरूरी हैं साथ ही उनका स्वप्रमाणित फोटो अनिवार्य रूप से चस्पा किया जाये। प्रमुख क्षेत्र पंचायत निर्वाचन में उम्मीदवार के लिये दो लाख रू0 व्यय करने की सीमा निर्धारित की गई है।