ग्रामीण क्षेत्रों में जारी है साफ सफाई एवं लार्वा छिड़काव का कार्य
कासगंज (सू0वि0) : जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह द्वारा जनपद में बढ़ रहे बुखार एवं डेंगू के प्रकोप को गंभीरता से लेते हुये निर्देश दिये हैं कि बुखार, मलेरिया, डेंगू एवं अन्य वेक्टर जनित बीमारियों की प्रभावी रोकथाम के लिये समस्त ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में एण्टी लार्वा का छिड़काव तथा फोगिंग नियमित रूप से अवश्य कराई जाये। कहीं जलभराव न रहे। जिससे मच्छर न पनपने पायें। उक्त बीमारियां वायरस जनित हैं और मच्छर इनके संवहक हैं। हैण्डपम्पों के आसपास गंदगी न रहे। स्वच्छता अभियान तेजी से चलाया जाये। ब्लीचिंग पाउडर आदि दवाओं का छिड़काव करायें। इस बदलते मौसम में वायरल बुखार, डेंगू ,मलेरिया, दिमागी बुखार, हैजा, चिकनगुनिया, टाइफाइड जैसे संचारी रोगों का प्रकोप प्रायः बढ़ जाता है। जनता को जागरूक करंे कि बुखार होने पर स्वयं कोई दवा न लें। चिकित्सक को अवश्य दिखायें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिये हैं कि जिला पंचायत राज अधिकारी तथा सभी ईओ ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रांे में युद्वस्तर पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ सफाई करायें। कहीं गंदगी के ढेर या जलभराव न रहे। मच्छरों को न पनपने दिया जाये। झाड़ियों आदि की सफाई कराई जाये। हैण्डपम्पों के आस-पास कीचड़ व जलभराव न होने दिया जाये। जनता को जागरूक करें कि अपने घरों और आसपास की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। कूलरों आदि में पानी एकत्र न रहने दें।
समस्त एमओआईसी स्तर से स्वास्थ्य टीमों को सक्रिय कर दिया जाये। एन्टी लार्वा आदि का छिड़काव रोस्टर बना कर नियमित कराया जाये। राजस्व कर्मी भी सक्रिय रहें यदि किसी गॉव में डेंगू का कोई केस मिले तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में दवायें उपलब्ध हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के माध्यम से भी सफाई कार्य कराने, सड़क किनारे से झाड़ियां हटाने, जलभराव हटाने आदि की व्यवस्था की गई है। जिला चिकित्सालय में डेंगू कंट्रोल रूम सक्रिय है। डेंगू के सम्बन्ध में कोई भी सूचना हो तो तुरंत कन्ट्रोल रूम पर इसकी जानकारी दी जाये।
