सम्वाददाता द्वारा
कासगंज: जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बन्धु तथा बैंकर्स की जिला सलाहकार समिति व जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुये कहा कि औद्योगिक क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिये बैंकर्स उद्यमियों को नियमानुसार उदारतापूर्वक ऋण वितरित करें। सरकार की मंशा के अनुसार छोटे उद्योगों एवं व्यवसायों को प्राथमिकता से ऋण देकर लाभांवित किया जाये। जिले की समस्त बैंक शाखायें लाभार्थियों को शीघ्रता से ऋण वितरित कर 31 अक्टूबर 2021 तक लक्ष्यों को शतप्रतिशत पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
बैंक आफ बड़ौदा, बैंक आफ इण्डिया, सेण्ट्रल बैंक, ग्रामीण बैंक द्वारा धीमी प्रगति से ऋण वितरण पर नाराजगी व्यक्त करते हुये जिलाधिकारी ने एलडीएम को निर्देश दिये कि उनकी ओर से बैंकों के उच्चाधिकारियों तथा रिजर्व बैंक को पत्र भिजवायें। सभी बैंकें एक माह के अंदर अपेक्षित प्रगति लाकर अपना सीडी रेशियो बढ़ायें और सरकारी योजनाओं के संचालन में पूर्ण सहयोग करें। ताकि लाभार्थी समय से ऋण लेकर अपना उद्योग या व्यवसाय का संचालन कर सकें। किसानों की आय दोगुनी करने के लिये कृषि एवं कृषि पर आधारित उद्योगों व व्यवसायों के लिये वरीयता से ऋण देकर उन्हें प्रोत्साहित किया जाये।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी बैंकें सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें। समस्त बैंक अधिकारी, कर्मचारी बैंक शाखाओं में अपना आईकार्ड साथ में रखें। बैंकों के समस्त सीसीटीवी कैमरे हर समय संचालित रहें। फायर उपकरण भी चालू हालत में रहें। समस्त बैंक अधिकारी, कर्मचारी अपना कोविड वैक्सीनेशन अनिवार्य रूप से करा लें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र, उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत, संजय सिंह उपनिदेशक डीआईएफ आगरा, एलडीएम सहित बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।
