• ’जिले की सभी उचित दर दुकानों पर होगा अन्न महोत्सव का आयोजन’ जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जायेगा प्रतिभाग

  • जिले को 24 जोन एवं 84 सेक्टर में बांटा गया

कासगंज (सू0वि0) :  जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत आज 05 अगस्त 2021 को अन्न महोत्सव के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा बैठक करते हुये कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप समाज के निर्धन व्यक्तियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जिले की सभी 591 शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की उचित दर दुकानों पर अन्न महोत्सव का कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए आयोजन किया जायेगा। सभी उचित दर दुकानों पर टेलीवीजन के माध्यम से प्रधानमंत्री जी के सम्बोधन का सजीव प्रसारण दूरदर्शन के द्वारा किया जायेगा। प्रत्येक उचित दर दुकान पर 100 लाभार्थियों को आमंत्रित किया गया है।

आयुक्त अलीगढ़ मण्डल अलीगढ़/जिले के नोडल अधिकारी गौरव दयाल जी एवं जनप्रतिनिधि के रूप में बृजप्रांत अध्यक्ष भाजपा रजनीकांत माहेश्वरी द्वारा ग्राम कैण्डी में गुरूवार को पूर्वान्ह पहुंच कर लाभार्थियों को निःशुल्क खाद्यान्न का वितरण किया जायेगा। खाद्यान्न वितरण के लिये जिले को 24 जोन एवं 84 सेक्टर में बांट कर अधिकारियों की ड्यूटियां लगा दी गई हैं। प्रत्येक न्याय पंचायत पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोन पर जोनल मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। प्र्रत्येक उचित दर की दुकान पर नोडल अधिकारी भी तैनात किये गये हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिये जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है।

सभी उचित दर विक्रेता अपनी दुकानों पर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से निःशुल्क खाद्यान्न का वितरण कराया जाएगा। प्रत्येक लाभार्थी को 05 किलोग्राम खाद्यान्न जिसमें 02 किलो चावल तथा 03 किलो गेहूं सरकार द्वारा उपलब्ध कराये गये विशेष राशन बैग में उपलब्ध कराया जायेगा। सभी उचित दर विक्रेता अपनी दुकानों पर साफ-सफाई व सुसज्जित कराकर 100 कार्डधारकों के बैठने की व्यवस्था कराएंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि उचित दर दुकानों पर कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी और स्वयं सहायता समूहों से सहयोग लिया जाये। एसडीएम, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी निरंतर भ्रमण पर रहकर कार्यक्रम को सकुशल संपन्न करायें। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगरीय निकाय अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख व प्रधान की उपस्थिति अपेक्षित रहेगी।

बैठक एडीएम ए0के0 श्रीवास्तव, डीएसओ कमल नयन, डिप्टी आरएमओ, एसडीएम पटियाली सहित समस्त जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *