बदायूँ शिखर सम्वाददाता
कासगंज: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 25 जनवरी 2021 को बारहवां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जायेगा। इस बार राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम है-Making Elections inclusive Accessible and Participative .
अपर जिलाधिकारी/उपजिला निर्वाचन अधिकारी ए0के0 श्रीवास्तव ने बताया कि स्कूलों व शैक्षिक संस्थाओं में लोकतंत्र एवं मतदाता सहभागिता, विषय पर निबन्ध, वाद-विवाद प्रतियोगिता, मॉक पोल, ड्राइंग और क्विज प्रतियोगिता आदि गतिविधियां राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर ऑनलाइन आयोजित की जायेंगी। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर 25 जनवरी को स्कूल व शैक्षिक संस्थाओं में ऑनलाइन गतिविधियों के साथ ही सभी कार्यालयों में कोविड नियमों एवं सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुये शपथ दिलाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाये। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर 25 जनवरी 2020 को मतदाताओं द्वारा शपथ ली जायेगी कि-हम भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुये यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाये रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुये निर्भीक होकर धर्म वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुये बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
