कासगंज (सू0वि0)। जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2021 को कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुये परम्परागत और गरिमामय ढंग से मनाया जायेगा।
स्वतंत्रता दिवस पर प्रातः 8 बजे, सरकारी तथा गैर सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा। झण्डा अभिवादन व राष्ट्रीय गान का भावपूर्ण गायन होगा। जिलाधिकारी द्वारा जनपद के वीरता पुरूस्कार प्राप्त सैनिको, द्वितीय विश्व युद्ध की विधवाओ एवं वीर नारियों को सम्मानित किया जायेगा। समस्त एसडीएम, ईओ एवं बीडीओ द्वारा अपने कार्यालयों पर तथा ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना तथा सभी के द्वारा मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंस बनाये रखना अनिवार्य होगा। गणमान्य नागरिकों को सीमित संख्या में ही आमंत्रित किया जाये।
जिलाधिकारी ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि स्कूली छात्र-छात्राओं को अॅान लाइन माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास के बारे में बताया जाये। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महापुरूषों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं/स्मारकों पर साफ सफाई, रोशनी एवं माल्यार्पण कराया जाये तथा सरकारी कार्यालयों/भवनों को रात्रि में प्रकाशमान किया जाये।
