नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में जारी है स्वच्छता अभियान

कासगंज (सू0वि0)।  जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने जनपद में बुखार एवं डेंगू के प्रकोप को गंभीरता से लेते हुये निर्देश दिये हैं कि वायरल बुखार, मलेरिया, टाइफाइड, डेंगू एवं अन्य वेक्टर जनित बीमारियों की प्रभावी रोकथाम के लिये समस्त ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में एण्टी लार्वा का छिड़काव तथा फोगिंग नियमित रूप से कराई जाये। कहीं जलभराव न रहे। जिससे मच्छर न पनपने पायें। उक्त बीमारियां वायरस जनित हैं और मच्छर इनके संवहक हैं। हैण्डपम्पों के आसपास गंदगी न रहे। स्वच्छता अभियान तेजी से चलाया जाये। ब्लीचिंग पाउडर आदि दवाओं का छिड़काव करायें। इस बदलते मौसम में वायरल बुखार, डेंगू ,मलेरिया, दिमागी बुखार, टाइफाइड जैसे संचारी रोगों का प्रकोप प्रायः बढ़ जाता है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिये हैं कि कहीं गंदगी के ढेर या जलभराव न रहे। झाड़ियों आदि की सफाई कराई जाये। जनता को जागरूक करें कि अपने घरों और आसपास की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। कूलरों आदि में पानी एकत्र न रहने दें। समस्त एमओआईसी स्तर से स्वास्थ्य टीमें निरंतर सक्रिय रहें। एन्टी लार्वा आदि का छिड़काव रोस्टर बना कर नियमित कराया जाये। राजस्व कर्मी भी सक्रिय रहें यदि किसी गॉव में डेंगू का कोई केस मिले तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें। जिले में पर्याप्त मात्रा में दवायें उपलब्ध हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के माध्यम से भी सफाई कार्य कराने, सड़क किनारे से झाड़ियां हटाने, जलभराव हटाने आदि की व्यवस्था की गई है। जिला चिकित्सालय में डेंगू कंट्रोल रूम सक्रिय है। डेंगू के सम्बन्ध में कोई भी सूचना हो तो तुरंत कन्ट्रोल रूम पर इसकी जानकारी दी जाये।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *