औद्योगिक क्षेत्र के विकास, व्यवसाय तथा निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिये योजनाओं का लाभ उठायें-जिलाधिकारी
सम्वाददाता द्वारा
कासगंज: जनपद के औद्योगिक क्षेत्र के विकास को गति प्रदान करने एवं उद्यमियों तथा निर्यातकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को विकास भवन परिसर स्थित स्वामी विवेकानन्द हॉल मंे वाणिज्य उत्सव मनाया गया। जिसके अंतर्गत एक एक्सपोर्टर्स कानक्लेव कार्यक्रम एवं औद्योगिक उत्पादों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में जिले के उद्यमियों एवं व्यवसाइयों ने प्रतिभाग किया। ग्रामोद्योग तथा महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्टाल लगाकर अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। जिसका जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी व अतिथियों द्वारा अवलोकन किया गया। इस अवसर पर जिले के निर्यातकों को स्मृति चिन्ह देकर पुरूस्कृत किया गया।
जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने वाणिज्य उत्सव की अध्यक्षता करते हुये कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के विकास और व्यवसायों, निर्यात तथा उद्योग धन्धों को प्रोत्साहित करने के लिये सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं की पूरी जानकारी लेकर उद्यमी एवं व्यवसायी लाभ उठायें। अब कृषि उत्पादों का चिलिंग प्लांट में रखने की भी सुविधा है। कोविड के पश्चात सरकार द्वारा सामूहिक विकास पर बल देते हुये जिले के 08 हजार से अधिक छोटे छोटे व्यवसाइयों को डूडा के माध्यम से दस-दस हजार रू0 का ऋण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ा गया है। शासन, प्रशासन द्वारा जीरो क्राइम, जीरो क्रप्शन के आधार पर सुविधायें दी जा रही हैं।
जिलाधिकारी ने सभी से अनुरोध किया कि जनपद में जो अच्छे कार्य हो रहे हैं उन्हें स्वयं भी मौके पर जाकर देखें। कासगंज जनपद धरोहरों से भरा हुआ है। व्यापारी, उद्यमी आगे बढ़कर योजनाओं का लाभ उठायंे और जिले के विकास में सहयोग करें।
जिलाध्यक्ष भाजपा केपी सिंह सोलंकी ने कहा कि सरकार की मंशा उद्योगों एवं व्यवसायों को प्रोत्साहित कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र ने कहा कि जिले से आयुर्वेद दवाओं, कपूर तथा जरी जरदौजी का निर्यात होता है। इन्हें और प्रोत्साहन की जरूरत है।
वाणिज्य महोत्सव में सहायक निदेशक एमएसएमई आगरा नेपाल सिंह, उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत, ग्रामोद्योग अधिकारी आदि ने अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर समाजसेवी गौरी शंकर शर्मा, सुबोध मित्तल, मुकुलमान सिंह एवं बड़ी संख्या में प्रतिष्ठित उद्यमी एवं व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
