गांव के उच्च शिक्षित लड़के लड़कियां विद्यालयों में हैड मास्टर की अनुमति से बच्चों को पढ़ा सकेंगे।
कासगंज (सू0वि0)। जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने बेसिक शिक्षा के अंतर्गत मिशन प्रेरणा के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय टास्क फोर्स बैठक की अध्यक्षता करते हुये कहा कि जिन विद्यालयों में मिशन कायाकल्प के अंतर्गत जो कार्य अवशेष हैं उन्हें अगले 10 दिन के अन्दर अनिवार्य रूप से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। जो कार्य कराये जा रहे हैं उनकी सुरक्षा भी करें। कराये गये कार्य क्षतिग्रस्त न हों।
जिलाधिकारी ने कहा कि गांव के उच्च शिक्षित लड़के लड़कियां जो बच्चों को पढ़ाने में रूचि रखते हों, वे हैड मास्टर की अनुमति से विद्यालयों में बच्चों को पढ़ा सकते हैं। उनको प्रोत्साहित किया जाये और इस विचारधारा को बढ़ावा दिया जाये। विद्यालयों में जो फर्नीचर लगा है उसकी गुणवत्ता भलीप्रकार अवश्य चैक कर ली जाये। कुछ विद्यालयों में पाथवेज नहीं बन पाये हैं, 23 विद्यालय अभी विद्युतीकृत नहीं हैं उनका एस्टीमेट बनाकर भेजा जाये। यदि कहीं दिव्यांग शौचालय बनना शेष हैं तो बनवा दें। सभी कार्य 10 दिन में अवश्य पूर्ण करा लें। जिलाधिकारी द्वारा आपरेशन कायाकल्प के समस्त बिन्दुओं पर विकासखण्ड वार गहन समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया गया कि जनपद के विद्यालयों में मिशन कायाकल्प के लक्ष्यों के सापेक्ष लगभग 92 प्रतिशत कार्य हो चुका है और जनपद कासगंज, उ0प्र0 में नम्बर वन की स्थिति में है। इस अवसर पर विभिन्न शिक्षकों द्वारा विद्यालयों मेंे कराये गये कार्यों का प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र, सीएमओ डा0 अनिल कुमार, पीडी डीआरडीए, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डीपीआरओ एवं समस्त ईओ तथा खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
