कासगंज (सू0वि0) : जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आज मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित रूद्राक्ष सभागार में 6 अगस्त को होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी0एड0 2021, आगामी 07 व 08 अगस्त को होने वाली प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) परीक्षा तथा 11 अगस्त को आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्वक व नकल विहीन संपन्न कराने के लिए बैठक आयोजित हुई।

जिलाधिकारी ने परीक्षा की सभी तैयारियां समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अभ्यर्थियों की परीक्षा केंद्र के बाहर चेकिंग कर ली जाए, किसी भी अभ्यर्थी के पास परीक्षा कक्ष में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस न हो, केंद्र प्रभारी व केंद्र निरीक्षक नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराना सुनिश्चित करेंगे। टीजीटी परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में होगी। वही पेपर खुलने व सील करने के समय वीडियोग्राफी कराई जाएगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय पुरुष व महिला अभ्यर्थियों की अलग-अलग तलाशी ली जाए। महिला अभ्यर्थियों की महिला कर्मियों द्वारा ही तलाशी ली जाए। परीक्षा संपन्न कराने को लेकर 02 सचल दल डायट प्राचार्य, डीआईओएस व बीएसए के नेतृत्व में गठित किए गए। परीक्षा की गोपनीयता तथा संवेदनशीलता के दृष्टिगत प्रत्येक परीक्षा केंद्र के 100 मीटर की परिधि में परीक्षा केंद्र को छोड़कर आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग तथा परिसर में मोबाइल फोन ब्लूटूथ अन्य संचार संबंधी उपकरण व आईटी गैजेट्स ले जाना प्रतिबंधित होगा। परीक्षा केंद्र के 100 मीटर की परिधि में फोटो कॉपियर मशीन व साइबर कैफे परीक्षा अवधि के दिन बंद रहेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी रहेगी।

अपर जिलाधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट व पर्यवेक्षकों के उत्तरदायित्व बताएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी अपने उत्तरदायित्व का सजगता पूर्वक निर्वहन करेंगे। जिससे परीक्षा सकुशल निर्विघ्नं एवं शुचिता पूर्ण संपन्न हो सके।

जिला विद्यालय निरीक्षक एस0पी0 सिंह ने बताया कि संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी0एड0 2021, परीक्षा  कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 6 अगस्त 2021 को दो पालियों में(पूर्वाहन 09 बजे से 12 बजे तक एवं अपराह्न 02 बजे से 05 बजे तक) सम्पन्न होगी। परीक्षा को सम्पादित कराने हेतु जनपद में 7 परीक्षा केन्द्रों का निर्धारण किया गया हैं। इसी प्रकार 7 व 8 अगस्त को प्रस्तावित टीजीटी परीक्षा जनपद में दो परीक्षा केंद्रों राजकीय बालिका इन्टर कालेज कासगंज तथा सुमन्त कुमार माहेश्वरी इन्टर कालेज में दो पालियों में जिसमें प्रथम पाली प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक एवं द्वितीय पाली 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी और जवाहर नवोदय विद्यालय हेतु प्रवेश परीक्षा का आयोजन 11 अगस्त को प्रातः 11:30 बजे से अपरान्ह 1:30 बजे तक 12 परीक्षा केन्द्रों पर किया जायेगा।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रकाश वर्मा, उप जिलाधिकारी न्यायिक अशोक कुमार, उपजिलाधिकारी सदर ललित कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक एस0पी0 सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार सहित संबंधित अधिकारी व सभी केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षकों मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *