जिला सम्वाददाता
कासगंज: हुनरमंद बेरोजगार अभ्यर्थियों को स्वतः रोजगार के क्षेत्र में सेवायोजित कराने के उद्देश्य से सरकार द्वारा सेवामित्र पोर्टल वेब-सेवामित्र डॉट यूपी डॉट जीओवी डॉट इन विकसित किया गया है। जिसके माध्यम से प्रशिक्षित एवं कौशल प्राप्त बेरोजगार अभ्यर्थियों को स्वतः रोजगार के क्षेत्रों जैसे इलैक्ट्रीशियन, प्लम्बर, कारपेंटर, पेंटर, ब्यूटीशियन, ड्राइवर, पैथोलॉजी सेवायें, कम्प्यूटर रिपेयरिंग आदि में रोजगार की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। जिससे आम जन को अपने द्वार पर ही स्थानीय सेवा (लोकल सर्विस) हेतु प्रशिक्षित एवं विश्वसनीय अभ्यर्थी उपलब्ध हो सकेंगे।
उक्त जानकारी देते हुये सहायक सेवायोजन अधिकारी एस0मित्तल ने बताया कि सेवामित्र पोर्टल पर सेवाप्रदाता एजेंसियां व कौशल प्राप्त अभ्यर्थी भी पंजीकृत होंगे। सेवाप्रदाता एजेंसियां इन कौशल प्राप्त अभ्यर्थियों के माध्यम से नागरिकों को उक्त सेवायें उपलब्ध करायेंगी। सेवाप्रदाता एजेंसी का चयन आरएफई प्रक्रिया के माध्यम से किया जायेगा। यह एक ऑल इन वन प्रोग्राम है। जो नागरिकों और कुशल अभ्यर्थियों एवं सेवा प्रदाताओं को समान रूप से लाभांवित करेगा। विभिन्न प्रकार की सेवायें देने वाले सभी प्रशिक्षित एवं कौशल प्राप्त अभ्यर्थियों एवं सेवा प्रदाताओं से अनुरोध है कि स्वतः रोजगार के क्षेत्र में सेवायोजित होने एवं सेवायें देने हेतु उक्त सेवामित्र पोर्टल पर अपना/एजेंसी का पंजीकरण अवश्य करायें।
