जिलाधिकारी ने महिलाओं व बालिकाओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं व शिकायतों का तत्काल कराया निराकरण

बदायूँ शिखर सम्वाददाता

कासगंज:  जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता मे मंगलवार को पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 01 बजे तक सफलतापूर्वक हक की बात-जिलाधिकारी के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं ने फोन कॉल के माध्यम से प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान जनपद की ऐसी पीड़ित महिलाओं व बालिकाओं से संवाद किया गया जो यौन हिंसा, लैंगिक असमानता, घरेलू हिंसा व दहेज हिंसा आदि के सम्बन्ध में संरक्षण, सुरक्षा तथा सहायता प्राप्त करना चाहती थीं।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी के समक्ष 08 महिलाओं व बालिकाओं ने अपनी समस्याओं व शिकायतों से अवगत कराया तथा जिज्ञासाओं को प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी द्वारा बहुत ही संतोषजनक ढंग से उन्हें उत्तर देकर संतुष्ट किया गया तथा महिलाओं व बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत समस्याओं, शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी ओमप्रकाश सिंह यादव के समक्ष भी कईं महिलाओं व बालिकाओं द्वारा अपनी समस्या व शिकायतों को प्रस्तुत किया गया।  जिलाधिकारी ने बताया कि उ0प्र0 शासन के निर्देशानुसार जनपद कासगंज सहित पूरे प्रदेश में मिशन शक्ति अभियान संचालित है। जिसके अंतर्गत 02 दिसम्बर 2021 को जनपद की महिलाओं और बालिकाओं के साथ हक की बात- जिलाधिकारी के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें यौन हिंसा, लैंगिक समानता, घरेलू हिंसा तथा दहेज हिंसा आदि के सम्बन्ध में संरक्षण, सुरक्षा, सुझावों, सहायता हेतु दो घण्टे का पारस्परिक संवाद किया गया। इससे महिलाओं को यौन हिंसा, लैंगिक असमानता, घरेलू हिंसा व दहेज हिंसा को रोकने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान कासगंज की जशोदा कुमारी, बनूपुरा पुख्ता विकासखण्ड सोरों की सुरजा देवी, गंजडुण्डवारा की रामवती, मौहल्ला मोहन कासगंज की शोभा रानी, चित्रगुप्त कालोनी कासगंज की विजय लक्ष्मी, सहावर गेट नगला अस्तल की आकृति चौहान, भोजपुरा की सुमित्रा देवी तथा नदरई गेट कासगंज की प्रियंका कुमारी द्वारा अपनी समस्या, शिकायतों से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। इनमें विधवा, वृद्वावस्था पेंशन तथा सुमंगला योजना का लाभ न मिलने, अभद्रता तथा छेड़खानी आदि की शिकायतें प्रस्तुत की गईं। जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुये सम्बन्धित अधिकारियों को इनके निस्तारण के निर्देश दिये।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *