- 18 अक्टूबर से 01 नवम्बर तक चलेगा दस्तक अभियान
- कार्ययोजना बनाकर अभियान को सफल बनायें-जिलाधिकारी
बदायूँ शिखर ब्यूरो
कासगंज : जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने 18 अक्टूबर 2021 से शुरू होने वाले विशेष संचारी रोग अभियान तथा दस्तक अभियान को सफल बनाने के लिये सीएमओ, समस्त एमओआईसी, ईओ तथा सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप संचारी रोग व दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिये 18 अक्टूबर से विशेष संचारी रोग अभियान तथा दस्तक अभियान चलाया जायेगा। सम्बन्धित विभागों के सहयोग से समन्वय बनाकर इस अभियान के साथ कोविड टीकाकरण अभियान को भी जोड़ें और 11 अक्टूबर तक कार्य योजना बनाकर पूरे अभियान को सफल बनायें। 18 अक्टूबर से 17 नवम्बर 2021 तक दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा घर घर भ्रमण कर बीमार व्यक्तियों का चिन्हांकन किया जायेगा साथ ही दिमागी बुखार, खांसी जुकाम तथा संचारी रोगों से बचाव हेतु अभियान चलाकर सर्वे किया जायेगा तथा इन रोगों के त्वरित उपचार हेतु जनसामान्य को जागरूक किया जायेगा और इसकी रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय में उपलब्ध कराई जायेगी। कोई भी घर सर्वे से वंचित नहीं रहना चाहिये। कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुये अभियान को सफल बनाया जाये।
जिलाधिकारी ने कहा कि सम्बन्धित समस्त विभाग अपनी कार्य योजना सीएमओ कार्यालय में समय से उपलब्ध करा दें। उन्होंने डीपीआरओ तथा समस्त नगरीय निकायों के ईओ को निर्देश दिये कि कोविड तथा संचारी रोगों की रोकथाम हेतु साफ सफाई, सेनेटाइजेशन, फागिंग कराने तथा जलभराव व गंदगी को दूर करने के लिये विशेष अभियान चलाया जाये। नालियों की साफ सफाई तथा इन्हें ढकने की व्यवस्था की जाये।
जिलाधिकारी ने कहा कि टीकाकरण केन्द्रों पर पहुंचने वाले व्यक्तियों का ऑन स्पॉट पंजीकरण कराकर उनका टीकाकरण अवश्य किया जाये। किसी भी दशा में उन्हें वापस न किया जाये। अधिक से अधिक लोगो को टीकाकरण कराने के लिये प्रेरित किया जाये।
