सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराई जाये परीक्षा-जिलाधिकारी
कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में रविवार 23 जनवरी 2022 को जिले के 12 परीक्षा केन्द्रों पर होने वाली उ0प्र0 शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुये कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकली विहीन और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिये सभी व्यवस्थायें समय से पूर्ण कर लें। परीक्षा के दौरान कोविड गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन किया जाये। सभी परीक्षा केन्द्रों व कक्षों का भलीभांति सेनीटाइजेशन कराया जाये। परीक्षा में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न नहीं होना चाहिये। समस्त परीक्षा केन्द्रों के सीसीटीवी कैमरे चैक करा लें कि सही ढंग से कार्य कर रहे हैं या नहीं। यदि खराब हैं तो ठीक करा लें। परीक्षार्थियों की गेट पर ही तलाशी होगी। छात्राओं की चैकिंग के लिये महिला आरक्षी तैनात रहेंगी।
प्राथमिक स्तर की परीक्षा प्रातः 10 बजे से 12:30 बजे तक तथा उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा अपरान्ह 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा समय से आधा घण्टा पहले अनिवार्य रूप से कक्ष मे उपस्थित होना होगा। परीक्षा केन्द्र पर मोबाइल, नोटबुक या अन्य कोई यांत्रिक व इलैक्ट्रानिक डिवायस ले जाने की कतई अनुमति नहीं है। यदि कोई परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ केन्द्र व्यवस्थापक द्वारा कड़ी कार्यवाही की जायेगी। परीक्षा सकुशल सम्पन्न कराने के लिये 20 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किये गये हैं। समस्त परीक्षा केन्द्रों पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और ईमानदारी के साथ करें। परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जायेगा। प्रश्नपत्रों को खोलते और सील्ड पैक करते समय वीडियोग्राफी अवश्य कराई जाये।
बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र, अपर जिलाधिकारी ए0के0 श्रीवास्तव, एएसपी अनिल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक एसपी सिंह सहित समस्त एसडीएम और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा परीक्षा केन्द्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।
