किसान योजनाओं, सुविधाओं, फसल बीमा तथा बीजों व कृषि यंत्रों पर अनुदान का भरपूर लाभ उठायें-मुख्य विकास अधिकारी
किसान दिवस पर कृषि योजनाओं से सम्बंधित दी गईं महत्वपूर्ण जानकारियां, 10 किसानों को निःशुल्क बांटे उर्द बीज के मिनी किट।
कासगंज: मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें किसानों को कृषि से सम्बंधित योजनाओं एवं देय सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर 10 किसानों को उर्द बीज के मिनी किट निःशुल्क वितरित किये गये।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि किसान सरकारी योजनाओं, सुविधाओं, फसल बीमा तथा बीजों व कृषि यंत्रों आदि पर अनुदान का भरपूर लाभ उठायें। फसल बीमा योजना का लाभ उठाने के लिये 31 जुलाई 2022 तक किसान अपनी फसल का ऑनलाइन बीमा करा लें। इस जनपद में धान, मक्का, बाजरा का बीमा हो सकता है। जल प्लावन या ओलावृष्टि से फसल का नुकसान होने पर 72 घण्टे के अंदर बीमा कं0 को जानकारी उपलब्ध करा दें, जिससे समय से आपको योजना का लाभ मिल सके। अब किसानों को खेत पर मिट्टी की जांच हेतु टीम आने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। किसान स्वयं कृषि विज्ञान केन्द्र पहुंच कर अपने खेत की मिट्टी की जांच शुल्क देकर कभी भी करा सकते हैं। खुरपका व मुंहपका बीमारी के नियंत्रण हेतु पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण कराया जा रहा है। किसान पशुओं का टीकाकरण कराकर इसका लाभ उठायें। मछुआ समुदाय के लोग निःशुल्क मछुआ दुर्घटना बीमा योजना का लाभ उठायें। बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर 05 लाख रू0 तथा अपंगता पर 2.50 लाख का लाभ मिलता है। मत्स्य पालकों के केसीसी भी बनाये जाते हैं।
किसानों द्वारा विद्युत विभाग में संविदा कर्मियों की मनमानी की शिकायतें करने पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशाषी अभियंता विद्युत को निर्देश दिये कि संविदा कर्मियों द्वारा किये जा रहे कार्यों पर पूरी नजर रखें और कोई भी गलत कार्य न होने दें। किसानों की मांग पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि तहसील पटियाली क्षेत्र में समसपुर से नरदौली तक बाढ़ नियंत्रण हेतु बांध बनाने तथा बरौना गांव को संभावित बाढ़ से बचाने के लिये अधिशाषी अभियंता सिंचाई एस्टीमेट बनाकर जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को तत्काल भिजवायें। बधारीकलां व बेहटा कोआपरेटिव सोसायटी की शिकायतों पर मुख्य विकास अधिकारी ने एआर कोआपरेटित को शीघ्र जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने बताया कि जनपद में मक्का, बाजरा, मंूग, उर्द के बीज व मिनी किट 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध हैं। जिन किसानों को आवश्यकता हो तो संपर्क कर लें। सभी किसान केवाईसी अवश्य करा लें, तभी किसान सम्मान निधि उनके बैंक खाते में आ सकेगी। लगभग 72 हजार किसानों की अभी केवाईसी होना अवशेष है।
किसान दिवस पर जिला कृषि अधिकारी, अधिशाषी अभियंता विद्युत, सिंचाई, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित सम्बंधित सभी विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
————-
