कासगंज (सू0वि0)। जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने कहा कि घातक बीमारी कोरोना से बचने के लिये पूर्ण सतर्कता और सावधानी बरती जाये। स्थित की गंभीरता को देखते हुये जनपद में आॅक्सीजन की उपलब्धता बनाये रखने के हरसंभव प्रयास किये जायें। सभी सरकारी अस्पतालों में समस्त व्यवस्थायें पूर्ण रखें। शासन, प्रशासन द्वारा कोरोना वायरस को नियंत्रित करने के निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं।एकीकृत कोविड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर का कन्ट्रोल रूम हर समय संचालित रखकर कोविड से सम्बन्धित समस्त सूचनायें अपडेट रखें। सरकार द्वारा निरंतर जारी दिशा निर्देशों का शतप्रतिशत पालन किया जाये।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रवासी व्यक्तियों की टेस्टिंग, कांटेक्ट ट्रेसिंग पर विशेष ध्यान दिया जाये। होम आइसोलेट संक्रमितों की फोन द्वारा निगरानी रखकर उन्हें समुचित उपचार हेतु समय समय पर परामर्श दिया जाये। समस्त स्थानीय निकायों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को मास्क पहनने और सामाजिक दूरी बनाकर कोविड नियमों का पालन करने के लिये निरंतर प्रेरित किया जाये। कोरोना संक्रमण की प्रभावी रोकथाम के लिये सभी ग्राम पंचायतों और समस्त वार्डों की निगरानी समितियां पूर्ण सक्रिय रहें। सभी लोगों को मास्क पहनने, सेनेटाइजर का इस्तेमाल करने, साफ सफाई तथा सोशल डिस्टेंस बनाये रखने व कोविड नियमों का पालन करने के लिये निरंतर जागरूक किया जाये।
