एसडीएम और खण्ड विकास अधिकारी लगायेंगे गांवों में जनचौपालें।

कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करते हुये कहा कि ग्रामीण जनता की शिकायतों, समस्याओं को जानने और उनका मौके पर ही निस्तारण करने के लिये समस्त एसडीएम और खण्ड विकास अधिकारी गांवों में जाकर जनचौपालें लगाना सुनिश्चित करें। इसके लिये रोस्टर जारी होंगे, ताकि जनता को तहसीलों और मुख्यालय के चक्कर न लगाना पड़ें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जलयोजना में कार्यदायी संस्था द्वारा खोदे गये मार्गों, सड़कों को 15 दिन के अंदर ठीक करायें। अन्यथा कार्यदायी संस्था के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। जिन हैण्डपम्पों की रिबोर होने की सूची प्राप्त हुई है, अधिशाषी अभियंता जलनिगम उनकी जांच करायें कि हैण्डपंपों में कमी वास्तव में क्या है। कुपोषित परिवारों को दुधारू गायें प्रदान की जायें, जिससे ऐसे निर्धन परिवार अपने बच्चों का भरण पोषण अच्छे ढंग से कर सकें। इन निर्धन परिवारों को मनरेगा के माध्यम से कार्य भी दिया जाये और इनके घरों में शौचालय भी अवश्य बनवाया जाये।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी भूमि व सम्पत्ति पर अवैध कब्जा करने वाले भू माफियाओ और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्यवाही जारी रखी जाये। दैवीय आपदा से पीड़ितों को मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभांवित किया जाये। अवैध खनन की चैकिंग लगातार जारी रखें। नगर पालिका द्वारा बेतरतीब खड़े होने वाले ठेले, खोमचे वालों के लिये एक वेण्डिंग जोन बनाकर वहां निर्धारित स्थान उन्हें उपलब्ध कराया जाये। जनपद में स्थान चिन्हित कर एलईडी स्क्रीन लगवाकर विज्ञापन प्रसारित कर नगरीय निकाय अपनी आय बढ़ायें। नगरीय क्षेत्रों से अवैध बस स्टैण्ड, टैक्सी स्टैण्ड हटवायें।

बैठक में सड़क सुरक्षा योजना, पीएम किसान निधि योजना, खाद्य सुरक्षा सहित समस्त बिन्दुओं पर गंभीरता से विचार विमर्श करते हुये गहन समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र, अपर जिलाधिकारी ए0के0 श्रीवास्तव, डीपीआरओ, अधिशाषी अभियंता जलनिगम, डीएसओ, डीपीओ सहित सम्बंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

————-

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *