कासगंज (सू0वि0)। जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने बढ़ते कोरोना संक्रमण पर चिंता व्यक्त करते हुये कहा कि कोरोना बीमारी को नियंत्रित करने के लिये सभी का सहयोग आवश्यक है। मानव जीवन और स्वास्थ्य को बचाने के लिये सभी धर्मगुरू, स्वयसेवी, सामाजिक संगठन, व्यापारी, उद्यमी, दुकानदार और आम नागरिक इसमें पूर्ण सहयोग करें। स्थिति की गंभीरता को समझें और सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि 45 वर्ष से अधिक आयु के ज्यादा से ज्यादा व्यक्ति अपनी बारी आने पर वैक्सीनेशन अवश्य करायें। बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को मास्क पहनने और सामाजिक दूरी बनाकर नियमों का पालन करने के लिये प्रेरित किया जाये। कोरोना संक्रमण की प्रभावी रोकथाम के लिये सभी ग्राम पंचायतों और समस्त वार्डों की निगरानी समितियां पूर्ण सक्रिय रहें। समस्त ग्रामीण एवं नगरीय निगरानी समितियां पूर्ण सक्रिय रहें। कोविड संक्रमण के दृष्टिगत अन्य प्रदेशों से आने वाले व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखकर उनकी जांच अवश्य कराई जाये। सभी लोगों को मास्क पहनने, सेनेटाइजर का इस्तेमाल करने, साफ सफाई तथा सोशल डिस्टेंस बनाये रखने व कोविड नियमों का पालन करने के लिये निरंतर जागरूक किया जाये।
