कासगंज: मुख्य विकास अधिकारी श्री सचिन ने विकास भवन सभागार में भूजल सप्ताह के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय गोष्ठी को सम्बोधित करते हुये कहा कि मानव जीवन के संरक्षण के लिये जल के महत्व को समझें और इसका पूर्ण सदुपयोग करें। भूजल सप्ताह मनाने का उद्देश्य जनसामान्य में जल के अंधाधुंध दुरूपयोग को रोकने के लिये जनजागरूकता बढ़ाना है। भूगर्भ जल के अनावश्यक दोहन एवं दुरूपयोग करने पर दण्ड का भी प्राविधान है। निरंतर गिरते भूजल स्तर तथा भविष्य में आने वाली पीढ़ियों को जल संकट से बचाने के लिये भूजल के संरक्षण, प्रबंधन एवं विवेकयुक्त उपयोग पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। सरकार द्वारा निर्धारित मुख्य विचार जन-जन तक जल पहुंचाना है, जल संरक्षण अपनाना है, पर अधिक से अधिक लोगों को जागरूक कर उन्हें जल के महत्व को समझाना है।

जिला विकास अधिकारी संजय कुमार ने गोष्ठी को सम्बोधित करते हुये कहा कि पानी अमूल्य है। बंूद बूंद से घड़ा भरता है। पानी की छोटी छोटी बचत का बहुत महत्व है। पेयजल को बेकार न बहने दें, इसके लिये स्वयं के साथ ही सामाजिक मानसिकता बदलने का प्रयास करें। समरसेबिल पम्पों से काफी पानी बर्बाद किया जाता है। इसे रोका जा सकता है। लोगों को जागरूक करें।

जिला स्तरीय गोष्ठी में डीएफओ, डीपीआरओ, अधिशाषी अभियंता जलनिगम, सहायक अभियंता लघु सिंचाई एवं अन्य अधिकारियों द्वारा भी निरंतर गिरते भूजल स्तर तथा उस आसन्न संकट को दृष्टिगत रखते हुये जन सामान्य में इसके संरक्षण, प्रबंधन, विवेकयुक्त उपयोग, वर्षा जल को संरक्षित करने तथा विनियमित दोहन के प्रति जागरूकता लाने पर जोर दिया गया।

गोष्ठी में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, कृषि, बेसिक/माध्य0शिक्षा, सिंचाई, उद्यान, भूमि संरक्षण सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा समस्त खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

—————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *