कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने जनपद में हो रही निरंतर भारी वर्षा/अतिवृष्टि एवं आगामी दिनों में होने वाली संभावित वर्षा के दृष्टिगत जिला आपदा कन्ट्रोल रूम के माध्यम से एडवाइजरी जारी करते हुये जनपदवासियों से अनुरोध किया है कि वर्षा के दौरान पूरी सावधानी बरतें। गूगल प्ले स्टोर से दामनी एप को अपने मोबाइल पर डाउनलोड कर मौसम, वर्षा एवं आकाशीय विद्युत आदि की जानकारी प्राप्त कर अपने परिवार के अलावा आसपड़ोस के लोगों को भी आवश्यक सावधानी बरतने के लिये जागरूक करें। पुराने जर्जर भवनों से सावधान रहें। अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें। भीड़ एवं ट्रैफिक जाम होने वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। खुले स्थान व बिजली के तार एवं बिजली के खम्बों से उचित दूरी बनाये रखें। वर्षाकाल में सर्पदंश की घटनाओं से बचने के लिये जूता चप्पल एवं खेतों आदि में जाने पर लाठी एवं टार्च आदि साथ रखें। ऐसी घटना होने पर झाड़फूंक करने वाले लोगों से बचें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर संपर्क करें। जलभराव एवं गड्ढेयुक्त मार्गों पर चलने से पूर्णतः बचें। घर में विद्युत उपकरणों का प्रयोग सावधानी पूर्वक करें। पेयजल को उबाल कर पियें, बासी भोजन का उपयोग न करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी समस्या हेतु जिला आपदा कन्ट्रोलरूम नं0 05744- 272027 एवं टोल फ्री नं0 1077 तथा प्रभारी अधिकारी दैवीय आपदा के मोबा0नं0 9412406246 एवं आपदा सहायक के मोबा0 नं0 9411434834 पर तत्काल संपर्क करें। फसल हानि, पशु हानि या जनहानि की स्थिति होने पर इसकी सूचना तत्काल जिला आपदा कन्ट्रोलरूम को प्राथमिकता के आधार पर दी जाये। निरंतर वर्षा व अतिवृष्टि के कारण विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने के लिये अधिशाषी अभियंता विद्युत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र को नोडल अधिकारी नामित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देश दिये हैं कि समस्त राजकीय प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हाई अलर्ट पर रहें। आवश्यक दवाओं एवं एम्बूलेंस, ट्रामा मैनेजमेंट, सर्पदंश, बिजली के झटके एवं जलजनित रोगों के उपचार की पूर्ण व्यवस्था रखें। आकस्मिक सेवाओं में तैनात अधिकारी, कर्मचारी ड्यूटी पर उपस्थित रहें। सरकारी, इमरजेंसी सेवाओं के कार्यालय खुले रहेंगे। नगरीय व नगर पंचायत क्षेत्र में निःशुल्क राहत शिविर की व्यवस्था कर ली जाये। सभी एसडीएम व तहसीलदार अपने क्षेत्रों में कंट्रोलरूम संचालित कर दें तथा अपने क्षेत्रों में भ्रमण करते रहें, विशेष परिस्थितियों में तुरंत जानकारी दें। एसडीएम कासगंज, सहावर व पटियाली को अपने अपने क्षेत्रों में दैवीय आपदा की घटनाओं हेतु नोडल अधिकारी नामित कर दिया गया है।
————-
